भूना। मुख्यमंत्री जागृत ग्राम पुरस्कार योजना के तहत फतेहाबाद जिले की दो ग्राम पंचायतों ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। पांच हजार से अधिक आबादी वाली पंचायतों की श्रेणी में गांव जांडली कलां ने पूरे हरियाणा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विजेता पंचायतों के सरपंचों को सम्मानित करते हुए पुरस्कार राशि के चेक प्रदान किए। प्रथम स्थान पर रही जांडली कलां पंचायत को 51 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा नागपुर खंड के गांव जल्लोपुर को 31 लाख रुपये तथा भट्टू कलां खंड की ग्राम पंचायत गदली को 21 लाख रुपये की राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है। डीसी डॉ. विवेक भारती ने सरपंचों, पंचों, ग्राम सचिवों और ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि जांडली कलां का प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जागृत ग्राम पुरस्कार योजना पंचायतों को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करती है और ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ, आत्मनिर्भर, समृद्ध और आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। यह योजना गांवों में विकास कार्यों को गति देने के साथ बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था को भी बढ़ावा देती है।
प्रदेश में जिला का गौरव बढ़ा : सुरेश कुमार
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री जागृत ग्राम पुरस्कार योजना के तहत जांडली कलां, जल्लोपुर और गदली पंचायतों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार ग्रामीण विकास एवं पंचायतों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सीईओ ने बताया कि पंचायतों का चयन विभिन्न विकास मानकों के आधार पर 100 अंकों की मूल्यांकन प्रणाली के तहत किया जाता है। इसमें गरीबी मुक्त गांव, स्वस्थ गांव, बाल हितैषी वातावरण, पर्याप्त एवं सुरक्षित जल उपलब्धता, स्वच्छ एवं हरित परिवेश, मजबूत आधारभूत ढांचा, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं महिला हितैषी पहल, सुशासन तथा सामुदायिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण मानकों को शामिल किया जाता है।
-
नौ मानकों पर किया गया मूल्यांकन
मुख्यमंत्री जागृत ग्राम पुरस्कार योजना के तहत गांव का मूल्यांकन शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, कृषि, डिजिटल पहुंच, टिकाऊ आधारभूत संरचना, सुशासन और नशा मुक्ति सहित नौ प्रमुख मानकों पर किया गया। जांडलीकलां ने सभी श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 100 में से पूरे 100 अंक प्राप्त किए। जांच टीम ने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तीकरण, कृषि, डिजिटल पहुंच, टिकाऊ बुनियादी ढांचा और नशा मुक्ति जैसे 9 मानकों पर गांव को परखा। गरीबी मुक्त गांव 10, स्वस्थ गांव 10, बाल मैत्री 10, पर्याप्त जल 10, स्वच्छ-हरित 10, आत्मनिर्भर ढांचा 10, सामाजिक सुरक्षा 10, सुशासन 20 और महिला हितैषी गांव के 10 अंक मिलाकर जांडलीकलां ने पूरे 100 अंक हासिल किए।