फतेहाबाद/टोहाना। जिले में निकाय चुनाव को लेकर सबसे पहले जजपा ने अपने पत्ते खोल दिए। टोहाना नगर परिषद से चेयरमैन पद के लिए रमेश गोयल को उम्मीदवार बनाया गया है। टिकट वितरण में पंचायत एवं विकास मंत्री देवेंद्र सिंह बबली की पसंद को दरकिनार करते हुए प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह के खेमे को तवज्जो मिली है।
अग्रवाल समाज से संबंध रखने वाले 66 वर्षीय रमेश गोयल प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह के खास माने जाते हैं। हालांकि, बबली खेमे से पंजाबी बिरादरी के सुशील उर्फ मोंटू अरोड़ा टिकट पर दावेदारी जता रहे थे। उन्होंने पिछले दिनों मंत्री देवेंद्र बबली का अभिनंदन समारोह आयोजित करने के बाद फील्ड में उतरकर चुनाव की तैयारी भी शुरू कर दी थी। बता दें कि जिले में हर बार की तरह इस बार भी टोहाना ही सियासत का गढ़ रहेगा। इसका प्रमुख कारण यह है कि भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार में जजपा कोटे से मंत्री देवेंद्र बबली, जजपा के प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह के अलावा भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन सुभाष बराला का टोहाना गृह क्षेत्र है। चेयरमैन पद पर हार-जीत का फैसला तीनों ही नेताओं के इर्द-गिर्द घूमेगा। हालांकि, अभी तक भाजपा, इनेलो व आप ने भी अपने उम्मीदवार तय नहीं किए हैं।
मंत्री के भाई को साथ खड़ा कर एकजुटता दिखाने की कोशिश
रमेश गोयल को उम्मीदवार बनाने की घोषणा हिसार में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के आवास पर की गई। इस दौरान जजपा संरक्षक डॉ. अजय चौटाला ने रमेश गोयल से मुलाकात भी की। इस मुलाकात के अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र लेगा के अलावा देवेंद्र बबली के भाई विनोद बबली और बबली खेमे से दावेदारी जताने वाले सुशील उर्फ मोंटू अरोड़ा को साथ रखा गया ताकि एकजुटता का प्रदर्शन किया जा सके।
व्यापार मंडल से जुड़े हुए हैं रमेश गोयल
66 वर्षीय रमेश गोयल पिछले 22 साल से जजपा प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह के करीबी हैं। दसवीं पास रमेश चंद्र गोयल पहले पंजाब नेशनल बैंक में क्लर्क की नौकरी करते थे। बाद में उन्होंने वीआरएस ले ली थी। फिलहाल वह हरियाणा व्यापार मंडल के संरक्षक के साथ-साथ जजपा के शहरी प्रधान पद की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। इससे पहले अग्रवाल सभा के प्रधान भी रह चुके हैं। रमेश गोयल 4 जून को कैबिनेट मंत्री देवेंद्र बबली और जजपा प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
कोट
पार्टी हाईकमान ने रमेश गोयल को टोहाना नगर परिषद से चेयरमैन पद का उम्मीदवार बनाया है। इस सीट को जीतकर जजपा की झोली में डालने का काम करेंगे।
-निशान सिंह, प्रदेशाध्यक्ष, जजपा
कोट
सुशील उर्फ मोंटू अरोड़ा हमारे परिवार के सदस्य हैं। इसलिए मोंटू अरोड़ा से बातचीत करने के बाद ही रमेश गोयल के नाम पर सहमति हुई है। रमेश गोयल भारी मतों के साथ चुनाव में जीत दर्ज करेंगे।
-विनोद बबली, मंत्री देवेंद्र बबली के भाई।