फतेहाबाद। बढ़ती महंगाई को लेकर प्रदर्शन करते इनेलो कार्यकर्ता। विज्ञप्ति
फतेहाबाद। पेट्रोल-डीजल, सीएनजी और एलपीजी की कीमतों में वृद्धि के विरोध में इनेलो (इंडियन नेशनल लोकदल) कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन की अगुवाई इनेलो महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने की। प्रदर्शन के बाद इनेलो कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय पहुंचकर सीटीएम को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर जनता को इस महंगाई से राहत देने की मांग की गई।
सुनैना चौटाला ने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर सिर्फ गाड़ियां चलाने तक सीमित नहीं है बल्कि इसने पूरी अर्थव्यवस्था को हिला कर रख दिया है। डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्टरों ने किराया 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है जिस कारण फल, सब्जियां, अनाज, दूध, दही, दवाइयां और यहां तक कि मकान बनाने की निर्माण सामग्री भी आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है।
इनेलो नेत्री ने कहा कि डीजल के दाम बढ़ने से सबसे बड़ी मार किसानों पर पड़ी है। ट्रैक्टर, ट्यूबवेल और कृषि मशीनें चलाना अब बेहद महंगा हो गया है। साथ ही खाद, बीज, खरपतवार नाशक और बिजली के दामों में बढ़ोतरी से फसलों की पैदावार लागत भारी रूप से बढ़ गई है। किसानों को फसलों का सही भाव न मिलने के कारण खेती अब घाटे का सौदा साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बाद से उद्योग और व्यापार पहले ही पटरी पर नहीं लौट पाए थे, जिससे युवा वर्ग बेरोजगारी का सामना कर रहा है। ऊपर से इस कमरतोड़ महंगाई ने हर वर्ग की कमर तोड़ कर रख दी है। इस अवसर पर इनेलो जिलाध्यक्ष बिकर सिंह हड़ौली, बलविंद्र कैंरो, पूर्व मंत्री रामस्वरूप रामा, हलका प्रधान प्रेम सिंह, नरेंद्र सिंह, अंगद ढिंगसरा, भागीराम सोनी, नरेश पोटलिया आदि मौजूद रहे।