नागरिक अस्पताल में बना फ्लू कॉर्नर।
फतेहाबाद। गांव ढाबीकलां निवासी 60 साल की महिला की इन्फ्लूएंजा वायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल है। यहां से सैंपल जांच के लिए अग्रोहा लैब भेजा गया था। अग्रोहा से रिपोर्ट सिविल सर्जन कार्यालय फतेहाबाद को भेजी गई है। हालांकि महिला में एच3एन2 नहीं मिला है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम बुधवार को महिला मरीज के घर और आसपास के घरों का सर्वे करेगी। अगर किसी में गंभीर लक्षण मिलते हैं तो सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक महिला बीपी और शुगर की मरीज है। तबीयत खराब होने पर परिवार के लोगों ने हिसार के अस्पताल में दाखिल करवाया था। यहां जांच में निमोनिया मिला और एच3एन2 को लेकर भी सैंपल लैब में भेजा गया था। सैंपल रिपोर्ट में महिला में इन्फ्लूएंजा वायरस मिला है।
जिले में नहीं लिया गया सैंपल
एच3एन2 को लेकर जिले में मंगलवार को सैंपल नहीं लिया गया है। अभी तक जिले में 6 सैंपल लेकर लैब में भेजे जा चुके हैं। सभी मरीजों की रिपोर्ट आ चुकी है जो कि निगेटिव मिली थी।
अग्रोहा मेडिकल से रिपोर्ट आई है, उसमें एक महिला में इन्फ्लूएंजा वायरस मिला है। महिला स्वस्थ है। बुधवार को टीम आसपास के घरों का भी सर्वे करेगी।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी रोकथाम विशेषज्ञ