इंडियन फारमर्स फर्टिलाइजर कोआपरेटिव लिमिटेड (इफ्को) ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए फर्टिलाइजर के दाम कम कर दिए हैं। देश की सबसे बड़ी किसानों की सहकारी संस्था इफ्को ने डीएपी और एनपीके उर्वरकों पर प्रति टन 1000 रुपये रेट घटाए हैं। संस्था के निदेशक प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा और प्रबंधक निदेशक डॉ. उदय शंकर अवस्थी ने इफ्को की 45वीं आम सभा में फर्टिलाइजर की कीमतें घटाने का ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि यह नई कीमत लागू होने के बाद से डीएपी और एनपीके खाद के प्रत्येक बैग की कीमत 50 रुपये कम हो जाएगी। नई दरें आज से हरियाणा में इफ्को के सभी किसान सेवा केंद्रों, सहकारी समितियों और कोआपरेटिव मार्केटिंग समितियों पर लागू हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि इफ्को इस वर्ष तीन नवंबर को अपनी स्थापना के 50वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। इसी मौके पर इस संस्था ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए यह नई सौगात दी है। गिल्लाखेड़ा ने कहा कि ये संस्था की तरफ से किसानों के लिए एक उपहार और सेवा है।