फतेहाबाद। शहर के अनाजमंडी के पास होटल में खाना न देने पर कर्मचारी को पीट दिया। घायल कर्मचारी को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। मामले में पुलिस ने कर्मचारी गांव बड़ोपल निवासी बंसीलाल की शिकायत पर आरोपी युवक रतिया निवासी हैप्पी उर्फ रामसिंह, गगनदीप के खिलाफ रास्ता रोककर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में बंसीलाल ने बताया कि वह रॉयल गेस्ट हाउस होटल में नौकरी करता है। 18 नवंबर की रात को होटल में था, इस दौरान हैप्पी उर्फ रामसिंह व गगनदीप आए और उन्होंने खाना मांगा। उसने खाना देने से मना कर दिया और कहा कि इस समय खाना नहीं मिलेगा। इसके बाद रात 11 बजे होटल बंद करके वह अपने अनाजमंडी स्थित कमरे में पर जा रहा था तो उक्त दोनों आरोपियों ने रास्ता रोककर डंडों के साथ हमला कर दिया। शोर सुनकर अन्य लोग मौके पर पहुंच गए, इसके बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।