फतेहाबाद। कोरोना सैंपल जांच के लिए बड़ोपल में शुरू की जा रही आरटीपीसीआर लैब को आईसीएमआर (भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद) ने भी मंजूरी दे दी है। आईसीएमआर ने बड़ोपल की आरटीपीसीआर लैब को कोड जारी कर दिया है। लैब को लेकर अब सभी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं। सोमवार से स्वास्थ्य विभाग लैब में आरटीपीसीआर सैंपलों की टेस्टिंग शुरू कर सकता है।
हालांकि इससे पहले प्रोटोकॉल भी तय करना होगा, उसके मुताबिक ही यहां पर सैंपलों की जांच होगी। शुरूआत में लैब में कम सैंपलों की जांच की जाएगी, विभाग धीरे-धीरे टेस्टिंग बढ़ाएगा। आईसीएमआर से कोड जारी होने से पहले चंडीगढ़ पीजीआई की तरफ से मंजूरी दी गई थी। चंडीगढ़ पीजीआई से जांच के लिए 10 सैंपल यहां भेजे गए थे। लैब में इन 10 सैंपलों की जांच की गई। यहां की जांच रिपोर्ट से पीजीआई चंडीगढ़ की रिपोर्ट से मिलान किया गया। मिलान में रिपोर्ट सही मिली। इसके बाद अब चंडीगढ़ पीजीआई ने मंजूरी दे दी थी।
जिले में नहीं है कोरोना का एक्टिव केस
स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को जिले में 318 सैंपल लिए है। इसमें आरटीपीसीआर के 317 और एंटीजन एक ही सैंपल लिया गया। राहत की बात यह है कि रविवार को जिले में कोरोना का नया केस नहीं मिला है। इसके अलावा जिले में कोई एक्टिव केस भी नहीं है। जिले में अभी तक 3.53 लाख कोरोना सैंपल लिए जा चुके हैं। इसमें 17 हजार 838 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिले का अभी तक रिकवरी रेट 97.28 फीसदी रहा है।
303 लोगों ने ही करवाया टीकाकरण
जिले में रविवार को टीकाकरण अभियान धीमा ही रहा। मात्र 303 लोगों ने ही टीकाकरण करवाया। स्वास्थ्य विभाग ने 250 लोगों को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज और 53 लोगों को पहली डोज लगाई। जिले में अब तक 5.75 लाख पात्रों को पहली डोज लग चुकी है जबकि 2.93 लाख को दूसरी लगी है।
अब तक जिले में मिले कोरोना के मामले
क्षेत्र संक्रमित केस मिले
फतेहाबाद शहर 4654
टोहाना शहर 2363
रतिया शहर 1049
रतिया ग्रामीण 2085
भट्टू 2893
बड़ोपल 1059
भूना 2236
जाखल 1499
कोट
आरटीपीसीआर लैब के लिए आईसीएमआर से कोड मिल गया है। सोमवार से लैब में टेस्टिंग शुरू कर दी जाएगी। जिले में जो आरटीपीसीआर सैंपल लिए जाएंगे, उनकी जांच यही की जाएगी। अब जल्द आरटीपीसीआर सैंपल की रिपोर्ट मिल जाएगी।
- डॉ. वीरेश भूषण, सिविल सर्जन