भूना। गांव ढाणी गोपाल चोपटा के नजदीक सिरसा-चंडीगढ़ मार्ग पर रविवार देर रात्रि को तेज रफ्तार रिट्ज कार सूखे भूसे से भरी ट्रॉली में जा टकराई। इस हादसे में कार चालक बुरी तरह से घायल हो गया। घायल को आसपास के लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में दाखिल करवाया। मगर हालत गंभीर होने के कारण उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घायल चालक की पहचान सुरेंद्र नैन के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात्रि को रिट्ज कार चालक सुरेंद्र नैन उकलाना से फतेहाबाद की तरफ जा रहा था। ढाणी गोपाल चोपटा के नजदीक सूखे भूसे से भरी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली जा रही थी। जो कोहरे के कारण दिखाई नहीं दी और कार की भिड़ंत ट्राली के साथ हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने कार को ट्रॉली के पीछे सूखे भूसे से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने एंबुलेंस मंगवाकर उसे सीएचसी भूना में पहुंचा दिया। इस संबंध में पुलिस जांच अधिकारी सोहन सिंह ने बताया कि घायल कार चालक के बयान लेकर उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।