फतेहाबाद। स्वास्थ्य विभाग ब्लड प्रेशर व शुगर के 100 मरीजों पर योग का ट्रायल करेगा। इन मरीजों को विभाग योग करवाएगा ताकि बीपी और शुगर को नियंत्रित किया जा सके। इसमें नागरिक अस्पताल फतेहाबाद से 50 और उप नागरिक अस्पताल टोहाना से 50 मरीजों को शामिल किया जाएगा। ये ट्रायल सोमवार से शुरू हो रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने पिछले दिनों सर्वे करवाया। इसमें 30 प्लस उम्र के लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच में सामने आया कि पांच फीसदी ऐसे लोग हैं जो कि बीपी और शुगर से पीड़ित हैं। ये ही नहीं 9 फीसदी लोग मधुमेह की चपेट में हैं। अब ऐसे मरीजों पर स्वास्थ्य विभाग योग का ट्रायल करेगा। बीपी और शुगर को लेकर मरीजों का चेकअप किया जाएगा।
विभाग पहले रिकॉर्ड तैयार करेगा कि योगासन से पहले बीपी और शुगर की क्या स्थिति है और 15 दिन तक किए गए योग क्रियाओं से कितना असर पड़ा है। प्राथमिक तौर पर विभाग स्वास्थ्यकर्मियों को शामिल करेगा। सुबह 9 बजे से आयुष विभाग इन मरीजों को योगासन करवाएगा। इसको लेकर सिविल सर्जन डॉ.कुलप्रतिभा आयुष विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक भी कर चुकी हैं।
22 हजार लोगों की जांच में मिले मरीज
कोरोना महामारी के दौरान जिले में करीब एक हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। इस दौरान ये भी सामने आया कि संबंधित लोग कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। जिसमें बीपी और शुगर मुख्य तौर पर था। केंद्र सरकार की तरफ से इस साल फरवरी माह में 30 प्लस उम्र के लोगों के बीपी और मधुमेह की जांच के निर्देश दिए गए। विभाग की तरफ से उप स्वास्थ्य केंद्र से लेकर नागरिक अस्पताल में जांच करवाई गई। मार्च माह तक 22 हजार लोगों के बीपी और मधुमेह की जांच की गई है। जांच में पांच फीसदी लोग ऐसे मिले हैं जिन्हें बीपी और मधुमेह दोनों ही है। इसके अलावा 12 फीसदी में केवल बीपी की दिक्कत मिली है। अगर मधुमेह की बात करें तो अकेले 9 फीसदी लोगों में मधुमेह बीमारी मिली है। जिले में 22,366 लोगों के बीपी की जांच की गई तो 2864 लोगों में उच्च रक्तचाप मिला है। इसके अलावा 22,067 लोगों के मधुमेह की जांच की गई तो 2059 लोगों में मधुमेह बीमारी मिली है। इसके अलावा 1,332 लोग ऐसे मिले हैं जिनमें बीपी और मधुमेह दोनों ही बीमारी मिली।
-
जीवन शैली में बदलाव के कारण लोग बीपी और शुगर की चपेट में आ रहे हैं। व्यायाम न करना सबसे बड़ा कारण है। इस कारण से वजन बढ़ रहा है और उच्च रक्तचाप की चपेट में लोग आ रहे है। लोगों को योग के महत्व के बारे में बताया जाएगा कि इससे हम स्वस्थ रह सकते हैं और बीपी और शुगर जैसी गंभीर बीमारियों को कंट्रोल किया जा सकता है। इसलिए फतेहाबाद और टोहाना में 50-50 मरीजों पर ट्रायल किया जाएगा।
- मेजर डॉ.शरद तुली, उप सिविल सर्जन
-
डायबिटीज में मरीज को कई तरह के योगासन करवाए जाते हैं, जिससे कंट्रोल किया जा सकता है। इसी तरह से उच्च रक्तचाप में प्राणायाम की कई क्रियाएं शामिल हैं। सुबह 9 बजे से इन मरीजों को आसन करवाए जाएंगे। इसके अलावा जहां भी शिविर लग रहे हैं, वहां भी इसको लेकर जागरूक किया जा रहा है कि योग के द्वारा हम शरीर को कैसे स्वस्थ रख सकते है।
- अंबिका पांटा, योग विशेषज्ञ, आयुष विभाग