फतेहाबाद। स्वास्थ्य विभाग के कायाकल्प अवॉर्ड के लिए नागरिक अस्पताल में तैयारियां शुरू हो गई है। जींद के तीन डॉक्टरों की टीम मंगलवार को फतेहाबाद के जिला नागरिक अस्पताल का निरीक्षण करेगी, और रिपोर्ट देगी। अगर 70 फीसदी से ज्यादा अंक मिलते हैं तो जिला नागरिक अस्पताल का चयन कायाकल्प अवॉर्ड के लिए हो जाएगा।
बता दें कि कायाकल्प अवॉर्ड 2022-23 के लिए पहले सिरसा स्वास्थ्य विभाग की टीम निरीक्षण कर चुकी है। इस दौरान टीम को कई खामियां मिली थीं और यहां के स्टाफ को फटकार भी लगाई थी। अब स्टेट की टीम निरीक्षण करने के लिए आ रही है। अस्पताल का निरीक्षण पीएचसी दरियावाला के मेडिकल ऑफिसर डॉ. सूरज प्रकाश, सीएचसी अलेवा के मेडिकल ऑफिसर डॉ. भूवनेश और सीएचसी कंडेला की डॉ. अनु करेंगी। इसको लेकर नागरिक अस्पताल में तैयारियां शुरू हो गई है। जिला नागरिक अस्पताल अगर कायाकल्प अवॉर्ड जीतता है तो तीन लाख रुपये की राशि मिलेगी। बता दें कि सरकारी अस्पतालों में व्यवस्था सुधारने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कायाकल्प योजना शुरू कर रखी है। इसके तहत अस्पतालों में सफाई व्यवस्था, मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट जांचा जाता है और मरीजों का फीडबैक भी लिया जाता है। इसी आधार पर टीम कायाकल्प अवॉर्ड जारी करती है।
नागरिक अस्पताल में दिनभर चला सफाई अभियान
नागरिक अस्पताल फतेहाबाद के आंकलन को लेकर जींद से डॉक्टरों की टीम मंगलवार को आएगी और निरीक्षण करेगी। निरीक्षण को लेकर रविवार को नागरिक अस्पताल में सफाई अभियान चला। दिनभर कर्मचारी सफाई व्यवस्था में जुटे रहे। पिछली बार सिरसा से आई टीम ने निरीक्षण के दौरान लटकती बिजली की तारों को लेकर फटकार लगाई थी और मौके पर ठीक भी करवाया था।
पिछले साल इन अस्पतालों को मिल चुका है अवॉर्ड
पिछले साल कायाकल्प अवार्ड 6 अक्तूबर को जारी किया गया था। इसमें नागरिक अस्पताल फतेहाबाद को कायाकल्प अवॉर्ड मिला था। सब डिविज अस्पताल टोहाना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भट्टूकलां तथा जाखल, जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पीलीमंदोरी, नागपुर, म्योंदकलां व बनगांव ने भी 70 फीसदी से अधिक स्कोर लेकर अवॉर्ड जीता था।
कोट
कायाकल्प अवॉर्ड योजना को लेकर असेसमेंट के लिए टीम आ रही है जो कि निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान स्कोर दिया जाएगा। बेहतर स्कोर पर अस्पताल को कायाकल्प अवॉर्ड जारी होगा।
-डॉ. कुलदीप, उप सिविल सर्जन