हरियाणा के फतेहाबाद शहर के खेमा खाती रोड पर स्थित वर्मा मेडिकल हाल से सोमवार को दिन दहाड़े एक नकाबपोश युवक 80 हजार रुपये की नकदी चोरी करके ले गया। मामले में सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमे युवक घटना को अंजाम दे रहा है। घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार खेमाखाती रोड पर वर्मा मेडिकल हाल बना हुआ है। इनका संचालक राजेश वर्मा है। बताया जा रहा है कि राजेश अपने एक जानकार से मिलने के लिए अस्पताल में गया था। वह मेडिकल के शीशे वाले गेट पर ताला लगाकर चला गया। बताया जा रहा है कि 11 बजकर 55 मिनट पर पर एक युवक बाइक पर सवार होकर आया। उसने मुहं पर कपड़ा बांध रखा था। उसने मेडिकल स्टोर के शीशे वाले गेट का ताला तोड़ा। इस दौरान आसपास खड़े लोगों को भनक तक नहीं लगी।
युवक अंदर आया और गल्ले में पड़े करीब 80 हजार रुपये निकालकर फरार हो गया। इस घटना के कुछ समय बाद मेडिकल संचालक आया तो पता चला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस मामले की सीसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच करनी शुरू कर दी है।