फतेहाबाद में नाबालिग लड़की द्वारा सुसाइड मामले में कार्रवाई करने के लिए पहुंची पुलिस टीम।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। फतेहाबाद के एक मोहल्ला में नाबालिग लड़की ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की मां ने गांव हांसपुर निवासी युवक पर उसकी बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मृतका की मां का आरोप है कि युवक बार-बार उसकी बेटी को परेशान करता था जिससे आहत होकर उसकी बेटी ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। शहर पुलिस ने युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज किया है।
ये भी बताया गया है कि नाबालिग लड़की तीन-चार दिन पहले अचानक घर से लापता हो गई थी और रविवार शाम ही घर लौटी थी। इसके बाद रात को उसने आत्महत्या जैसा गंभीर कदम उठा लिया। मामले की जानकारी मिलते ही सिटी एसएचओ यादविंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस को दी शिकायत में मृतका की मां ने बताया कि उसकी बेटी को हांसपुर गांव निवासी साहिल नामक युवक पिछले काफी दिनों से तंग कर रहा था। वह युवक उसकी बेटी को लगातार फोन करता था। उनके घर के अन्य सदस्यों के मोबाइल पर भी उसके फोन आते जाते रहते थे। वह तीन बार पुलिस को भी युवक के खिलाफ शिकायत दे चुकी है। हालांकि पुलिस इस बात से इनकार कर रही है। चार दिन पहले उसकी बेटी अचानक घर से लापता हो गई थी। कल शाम को वह घर आई और आते ही अपने कपड़े पैक कर लिए। इसके बाद वह कमरे में चली गई और पंखे पर चुन्नी से फंदा लगाकर जान दे दी।
शहर थाना प्रभारी यादविन्द्र सिंह ने बताया कि कल शाम को सूचना मिली थी कि एक मोहल्ला नाबालिग लड़की ने फांसी लगा ली है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवती की मां की शिकायत पर साहिल के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है। एसएचओ यादविंद्र की मानें तो उन्हें न तो पहले साहिल द्वारा उनकी बेटी को तंग करने की कोई शिकायत मिली और न ही इस बार मृतका लापता हुई तो भी उन्हें शिकायत नहीं मिली थी।