फतेहाबाद। एच3एन2 को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा दो आशंकित मरीजों के सैंपल लेकर लैब में भेजे थे। इनमें से एक आशंकित मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आई है जबकि दूसरे मरीज की अभी तक लैब से रिपोर्ट नहीं आई है। वीरवार को रतिया और टोहाना में ओपीडी में जांच के दौरान दो युवतियां आशंकित मिली थी। वायरस के लक्षण दिखने पर विभाग ने सैंपल लेकर अग्रोहा लैब में भेजे थे।
जिले में से अब तक स्वास्थ्य विभाग चार आशंकित मरीजों के सैंपल लेकर लैब में भेज चुका है। अब तक एक मरीज एच3एन2 पॉजिटिव मिला है। मरीज हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल था, यहां से सैंपल जांच के लिए लैब में भेजा गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। हालांकि मरीज अब स्वस्थ है।
स्वास्थ्य विभाग की सैंपलिंग पर जोर नहीं
नागरिक अस्पताल में ओपीडी में फ्लू के रोजाना 40 से 50 मरीज आ रहे है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग सैंपलिंग पर जोर नहीं दे रहा है। अधिकारियों का कहना है कि गंभीर लक्षण न दिखने के चलते सैंपल नहीं लिए जा रहे है।
जिले से दो आशंकित मरीजों के सैंपल लैब में भेजे गए थे। एक मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आई है जबकि दूसरे सैंपल रिपोर्ट का इंतजार है। जिले से अब तक चार सैंपल लेकर भेजे जा चुके है।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी रोकथाम अधिकारी