फतेहाबाद। बिजली निगम आम उपभोक्ताओं से समय पर बिल वसूलता है और बकाया होने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई करता है, लेकिन शहर के 35 प्रमुख सरकारी विभाग लंबे समय से अपने बिजली बिल जमा नहीं करवा रहे हैं। इन विभागों पर कुल 50 लाख रुपये से अधिक का बकाया है।
सूची में शामिल कई विभाग ऐसे हैं, जहां चौबीस घंटे बिजली की उपलब्धता आवश्यक है। जनसेवा से जुड़े स्वास्थ्य और प्रशासनिक केंद्रों के बिल भी लाखों में लंबित हैं। जिले का प्रशासनिक केंद्र लघु सचिवालय तथा जनस्वास्थ्य विभाग, जो शहर की जलापूर्ति और सीवरेज व्यवस्था संचालित करता है, का बिल भी बकाया है।
बिजली निगम के कर्मचारियों ने बताया कि बार-बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। निगम ने अब अंतिम चेतावनी जारी की है और सभी विभागों से अपील की है कि वे अपने बजट का प्रावधान कर बकाया राशि जल्द जमा करें।
-
आम जनता पर असर का डर
यदि बिजली निगम कनेक्शन काटने की कार्रवाई करता है, तो इससे लोगों को परेशानी हो सकती है। अस्पताल में मरीजों की देखभाल, सचिवालय में प्रशासनिक कार्य और जनस्वास्थ्य विभाग के जरिए होने वाली पानी की सप्लाई बाधित हो सकती है। फिलहाल, बिजली निगम बीच का रास्ता निकालने की कोशिश कर रहा है।
-
इन विभागों सहित 35 का बिल बकाया
विभाग- बकाया राशि
लघु सचिवालय- 4,13,519
नगर परिषद-8,13,307
सीएमओ नागरिक अस्पताल फतेहाबाद-7,91,522
जनस्वास्थ्य विभाग- 6,63,137
जनस्वास्थ्य विभाग, चिल्ली- 2,02,055
जनस्वास्थ्य विभाग आजाद नगर- 1,83,680
रोडवेज- 1,16,000
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय-93,658
-
:: सरकारी विभाग के अधिकारियों से अपील है कि वे जल्द से जल्द बिलों का भुगतान करवा दें। बिल नहीं जमा करवाने पर इन विभागों के बिजली कनेक्शन काटने प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। निगम की ओर से बिल जमा करवाने की बार-बार अपील की जा रही है।
-रविंद्र, एसडीओ, शहरी बिजली निगम, फतेहाबाद।