भूना। हिसार रोड पर गांव नहला व पाबड़ा के बीच रविवार शाम को आर्टिका कार व मोटरसाइकिल की आमने-सामने की भीषण टक्कर में गांव गोरखपुर निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार रविवार शाम को गांव गोरखपुर निवासी 58 वर्षीय वजीर सिंह मोटरसाइकिल से पाबड़ा की दिशा से अपने गांव आ रहा था। मगर तेज रफ्तार आर्टिका कार के चालक ने ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे वजीर सिंह के मोटरसाइकिल को भीषण टक्कर मार दी। कार सड़क के किनारे पेड़ से लगकर बड़े पत्थर से जा टकराई। इसमें भी दो लोग घायल हो गए। घायलों में सात वर्षीय बच्चा नरसीराम व उसके 34 वर्षीय पिता संजय कुमार शामिल हैं। कार चालक घायलों को हिसार व मोटरसाइकिल चालक वजीर सिंह गोरखपुर को गंभीर हालत में सीएचसी केंद्र भूना में दाखिल किया गया। जहां चिकित्सक ने मोटरसाइकिल चालक वजीर सिंह को मृत घोषित कर दिया। थाना अध्यक्ष शादीराम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर बीट इंचार्ज राय सिंह ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के भाई सुल्तान सिंह की शिकायत पर कार के चालक के विरुद्ध तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है।
मोटरसाइकिल चालक को बचाने के चक्कर में बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आर्टिका कार का चालक तेज गति में बराबर से एक अन्य मोटरसाइकिल को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसलिए सामने से आ रहे वजीर सिंह के मोटरसाइकिल के साथ भीषण भिड़ंत हो गई। इस कारण मोटरसाइकिल छह भागों में टूट कर दूर तक बिखर गया। मोटरसाइकिल चालक बुरी तरह से जख्मी होने के कारण मौके पर ही दम तोड़ चुका था। परंतु आर्टिका कार में सवार मासूम बच्चा व उसके पिता की कार के एयरबैग खुलने के कारण जान बच गई।