फतेहाबाद। एक तरफ कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। वहीं, आम नागरिकों से लेकर फ्रंटलाइन वर्कर्स तक वैक्सीनेशन के मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि पूरे प्रदेश में सबसे कम वैक्सीनेश वाले जिलों में फतेहाबाद का भी नाम है। जिले में अभी तक सभी फ्रंटलाइन वर्कर्स ने भी वैक्सीन नहीं लगवाई है।
प्रशासन ने करीब चार हजार कर्मचारियों को फ्रंटलाइन वर्कर्स माना था, लेकिन अभी तक इनमें से 2410 वर्कर्स ने पहली डोज और 2004 ने दूसरी डोज लगवाई है। दूसरी तरफ, स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों ने वीरवार को सिविल सर्जन डॉ. वीरेश भूषण की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक की, जिसमें वैक्सीनेशन बढ़ाने के लिए प्रयास तेज करने का फैसला लिया गया। इस समय स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग के फ्रंटलाइन वर्कर्स ही वैक्सीन लगवाने में आगे आए हैं। स्वास्थ्य विभाग व पुलिस विभाग के करीब 5900 कर्मचारियों को हेल्थ फ्रंटलाइन वर्कर्स माना गया था। इनमें से 4788 कर्मचारियों ने पहली और 4725 कर्मचारियों ने दूसरी डोज लगवाई है।
60 साल से ज्यादा के बुजुर्ग भी नहीं दिखा रहे गंभीरता
जिले में 60 साल से ज्यादा की उम्र के बुजुर्ग भी वैक्सीन लगवाने में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। जिले में 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों की संख्या डेढ़ लाख से ज्यादा है। मगर इनमें से 79 हजार 416 बुजुर्गों ने ही पहली डोज और 50 हजार 632 ने दूसरी डोज लगवाई है। पहली डोज लगवाने के बाद 28 हजार 784 बुजुर्ग तो दूसरी डोज लगवाने ही नहीं आए हैं।
पहली डोज लगवा 18 से ज्यादा उम्र के एक लाख 94 हजार लोग दूसरी डोज लेने नहीं आए
जिले में 18 से ज्यादा उम्र के तीन लाख 58 हजार 407 लोगों ने पहली डोज लगवाई हुई है। मगर इनमें से एक लाख 94 हजार लोग दूसरी डोज लगवाने नहीं आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 18 साल से ज्यादा उम्र के एक लाख 64 हजार 206 लोगों ने ही दूसरी डोज लगवाई है।
स्वास्थ्य विभाग अब ये तीन प्रमुख कदम उठाएगा
1. होम आइसोलेनेशन को दोबारा एक्टिव किया जाएगा
स्वास्थ्य विभाग ने होम आइसोलेशन को दोबारा सक्रिय करने का फैसला लिया है। वीरवार को हुई बैठक में होम आइसोलेशन को तेज करने पर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
2. विदेश से आ रहे नागरिकों को 24 घंटे में ट्रेस कर सैंपलिंग करवाएंगे
सिविल सर्जन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विदेश से आ रहे नागरिकों को 24 घंटे के भीतर ट्रेस करके उनकी सैंपलिंग करवानी है। सैंपलिंग की रिपोर्ट आने तक होम आइसोलेट रहने पर ही जोर दिया जाएगा।
3. संस्था, कंपनी या फर्म में 30-40 सदस्य हैं, तो मौके पर जाकर करेंगे टीकाकरण
इसके अलावा टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए फैसला लिया गया है कि किसी भी संस्था, संस्थान, कंपनी, फर्म या कार्यालय में 30-40 सदस्य हैं, तो उनको वैक्सीन लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर जाएगी।
कोट
हमारे विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई है। बैठक में आइसोलेशन को दोबारा एक्टिव करने, वैक्सीनेशन को तेज करने पर चर्चा की गई है। वैक्सीन लगवाने के लिए नागरिकों को खुद भी आगे आना चाहिए।
डॉ. वीरेश भूषण, सिविल सर्जन, फतेहाबाद
पपीहा पार्क के बाहर वैक्सीन लगवाता शहरवासी।- फोटो : Fatehabad