फतेहाबाद। कोरोना संक्रमण के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। विभाग ने अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी है और छुट्टियां लेने पर रोक लगा दी है। वहीं सरकारी कार्यालयों व सार्वजनिक स्थानों पर एक जनवरी, 2022 से बिना वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट के किसी भी नागरिक को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी विभाग अपने-अपने कार्यालय में आने वाले आगंतुकों के वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट जांचने के उपरांत ही प्रवेश देंगे।
सिविल सर्जन कार्यालय ने इस संबंध में उप सिविल सर्जन, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों, सीएचसी प्रभारी को पत्र जारी करके आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश में साफ कहा गया है कि अधिकारियों व कर्मचारियों के अवकाश लेने पर रोक लगा दी गई है। अगर किसी मामले में अवकाश जरूरी होता है तो उसके लिए पहले मुख्यालय से आदेश लेने होंगे। सरकारी कार्यालय में जाने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को भी वैक्सीनेशन करवाना होगा, उसके उपरांत ही कार्यालयों में प्रवेश होगा। उपायुक्त प्रदीप कुमार ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आदेश जारी किए हैं। कार्यालयों में आने वाले आगंतुकों के वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट देखने के लिए अधिकारी आरोग्य सेतु एप, कोविन पोर्टल या वैक्सीनेशन के दौरान उनके पास आए एसएमएस को चेक कर सकते हैं। बिना वैक्सीन वाले आगंतुक सरकार की हिदायत के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर प्रवेश के लिए वर्जित है।
भीड़भाड़ क्षेत्र में होगी रैंडम सैंपलिंग
समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने रैंडम सैंपलिंग कार्य शुरू किया है, इसमें नागरिक सहयोग करें। उपायुक्त ने पुलिस विभाग से कहा कि वे रैंडम सैंपलिंग कार्य में स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ तालमेल से कार्य करें। स्वास्थ्य विभाग की टीम बाजारों, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन पर रैंड सैंपलिंग करेगी, ताकि संक्रमण के फैलाव को रोकने में मदद मिल सके।
सख्ती का डर, 14 हजार ने करवाया टीकाकरण
कोरोना टीकाकरण को लेकर होने वाली सख्ती को लेकर कैंपों में लोगों की भीड़ लगने लगी है। मंगलवार को जिले में 14 हजार लोगों ने टीकाकरण करवाया है। 10 हजार लोग ऐसे हैं जिन्होंने कोविशील्ड की दूसरी डोज लगवाई है।
जिले में हुआ टीकाकरण
पात्र टीकाकरण
60 साल से ऊपर 1398
45 से 59 साल 3017
18 से 44 साल 9452
किशोरों के टीकाकरण की गाइडलाइन जारी, शिक्षा विभाग के साथ होगा मंथन
15 से 18 साल तक के किशोरों के टीकाकरण को लेकर गाइडलाइन जारी हो गई है। टीकाकरण के लिए किशोर एक जनवरी से कोविन एप पर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इन्हें सिर्फ कोवाक्सीन ही लगेगी। इसके अलावा किशोर मौके पर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने शिक्षा विभाग से डाटा लिया है, जिनकी संख्या करीब 40 हजार है। स्कूलों में टीकाकरण भी किया जा सकता है, इसको लेकर शिक्षा विभाग अधिकारियों के साथ आज स्वास्थ्य विभाग मंथन करेगा।
कोट
कोरोना टीकाकरण को लेकर लोग आगे आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के पास कोरोना वैक्सीन की कोई कमी नहीं है, लोगों से अपील है कि वह जल्द से जल्द टीकाकरण करवा लें।
- डॉ. मेजर शरद तुली, उप सिविल सर्जन