रतिया। गांव नागपुर में बुधवार को बिजली की तारों के संपर्क में आने से पराली की गांठों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लग गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को भीड़भाड़ वाली गलियों से निकालकर खाली प्लॉट में पहुंचाया और पराली की गांठें नीचे उतार दीं। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
हालांकि आग से काफी संख्या में पराली की गांठें जलकर राख हो गईं और ट्रॉली के टायर भी क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाया।
गांव लुठेरा निवासी हुस्नप्रीत नागपुर और आसपास के क्षेत्रों से किसानों के खेतों से पराली की गांठें एक बड़ी ट्रॉली में लोड करके फतेहाबाद के पास स्थित एक फैक्ट्री में ले जा रहा था। जब वह नागपुर के मढ़ रोड पर गलियों से गुजर रहा था तो ट्रॉली में लदी पराली ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों के संपर्क में आ गई। इससे शॉर्ट सर्किट हुआ और पराली में आग लग गई। शुरुआत में चालक को आग लगने का पता नहीं चला। इसी दौरान एक राहगीर ने उसे इसकी सूचना दी।
फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने भी पहुंचकर आग पर काबू पाया। नागपुर पुलिस चौकी इंचार्ज बसंत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। ट्रॉली का कुछ हिस्सा जला है।