संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर सालासर धाम में उमड़ने वाली श्रद्धा को देखते हुए हरियाणा रोडवेज का फतेहाबाद डिपो श्रद्धालुओं की राह आसान बनाने के लिए वीरवार सुबह से विशेष बस सेवा शुरू करेगा। इससे श्रद्धालु सुविधाजनक सफर कर सालासर बालाजी के दर्शन कर सकेंगे।
हिसार रोड स्थित नए बस स्टैंड से सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर रवाना होने वाली यह बस उसी दिन शाम को वापस फतेहाबाद पहुंचेगी। विशेष बस सेवा 26 अक्तूबर तक जारी रहेगी। फतेहाबाद से सालासर तक का किराया 280 रुपये निर्धारित किया गया है।
रोडवेज की नियमित बस सुबह 9 बजे फतेहाबाद से सालासर के लिए रवाना होती है और रात को वहीं ठहरती है। यह बस अगले दिन सुबह वापस फतेहाबाद आती है। इसके विपरीत, मेले के लिए चलाई जा रही विशेष बस शाम 5 बजे सालासर से वापस रवाना होगी। इससे श्रद्धालु बालाजी के दर्शन कर उसी दिन घर लौट सकेंगे।
30 रुपये किराया भी बचेगा :
नियमित बस हिसार, राजगढ़, चूरू, फतेहपुर और लक्ष्मणगढ़ होते हुए सालासर पहुंचती है जबकि विशेष बस हिसार, राजगढ़, चूरू और फतेहपुर से सीधे सालासर जाएगी। इस मार्ग से यात्रियों के समय के साथ करीब 30 रुपये किराये की भी बचत होगी। सुबह 9 बजे और 10 बजकर 10 मिनट पर बसों के संचालन से श्रद्धालुओं को अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा का विकल्प मिलेगा। सालासर बालाजी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
:::::::::::
शरद पूर्णिमा मेले को देखते हुए 26 अक्तूबर तक विशेष बस चलाई जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल सके। विशेष बस सेवा से निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने और आवागमन सुगम बनाने में मदद मिलेगी। -मनोज कुमार, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो