फतेहाबाद। खाद को लेकर फतेहाबाद व भट्टूकलां में मारामारी चल रही है। गेहूं बिजाई का समय 15 नवंबर तक है और किसानों ने अपने खेतों में पानी लगा दिया है। गेहूं बिजाई के साथ ही डीएपी खाद का छिड़काव किया जाता है, लेकिन पर्याप्त स्टॉक न आने के कारण किसानों को लाइनों में लगना पड़ रहा है। मंगलवार को भी सिर्फ तीन घंटे में ही डीएपी का स्टॉक खत्म हो गया। जिस कारण कई किसान डीएपी खाद लेने से वंचित रह गए।
ज्ञात रहे कि कृषि विभाग ने गेहूं की बिजाई का समय 15 नवंबर तक जारी किया हुआ है। किसान धान व नरमा की फसल काट चुके हैं और गेहूं की बिजाई पर जोर दिया हुआ है। फतेहाबाद व भट्टूकलां के गांवों में किसानों ने गेहूं की बिजाई आरंभ कर दी है। इसके लिए खेतों को तैयार कर लिया गया है, लेकिन समय पर डीएपी न मिलने के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इफको सेंटर पर 3200 कट्टे आए थे, जो बिक चुके हैं। वहीं कृभको सेंटर पर मंगलवार को 700 कट्टे आए थे, जो मात्र तीन घंटे में ही बिक गए। जिस कारण 50 से अधिक किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा। यही हाल भट्टूकलां में रहा है। यहां पर भी किसानों को डीएपी खाद नहीं मिल रही है, जिस कारण किसान काफी परेशान हैं। किसानों का कहना है कि बुआई में पहले से ही देरी हो रही है। समय पर खाद और न ही बीज मिल रहा है। रोजाना गांव से खाद लेने के लिए फतेहाबाद आ रहे हैं, मगर यहां आने के बाद पता चलता है कि खाद खत्म हो गई है।
मुझे खाद के लिए 11 बैग की आवश्यकता है, एक आईडी पर केवल सात की बैग दिए जा रहे हैं। सुबह साढ़े नौ बजे कृभको के कार्यालय में लाइन में लगा था, लेकिन साढ़े 12 बजे तक नंबर आया तो मात्र तीन बैग ही मिले। अब मुझे बुधवार को दोबारा आकर लाइन में लगना होगा।
- ओमप्रकाश, निवासी गांव दरियापुर, किसान
-
गांव के सहकारी बैंक में भी खाद का टोटा है। मैं खाद लेने गया था, मगर अधिकारी बोले कि हमारे पास अभी खाद नहीं आई है। ऐसे में मजबूरन खाद लेने के लिए फतेहाबाद आना पड़ा। यहां आकर देखा तो खाद लेने के लिए लंबी लाइन लगी मिली।
-अमित, स्वामी नगर, फतेहाबाद।
-
किसानों का समय पर खाद नहीं मिल रही है। खेत तैयार हैं और बुआई के साथ ही डीएपी की आवश्यकता है। खाद लेने के लिए आज किसानों को लाइन लगानी पड़ रही है। उसके बाद भी खाद नहीं मिल रही है। जिससे बुआई में देरी होगी।
- अजय, निवासी गांव अहलीसदर, किसान
किसानों को खाद के कट्टों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दो दिन से चक्कर काट रहा हूं, तब जाकर मंगलवार को तीन कट्टे मिले हैं, जबकि आठ कट्टों की आवश्यकता है।
राजकुमार, अशोक नगर, फतेहाबाद
-
फतेहाबाद में खाद की कोई कमी नहीं है। लगातार खाद आ रही है और किसानों को वितरित की जा रही है। बुधवार को भी खाद के कट्टे आएंगे, जिसको किसानों को वितरित कर दिया जाएगा।
डॉ. हरभगवान, क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर।