रतिया। शेलर मालिक की पत्नी और बेटे को खाना बनाने के लिए करीब एक सप्ताह पहले रखे कुक ने भोजन में नशीला पदार्थ खिलाकर घर में रखे 7 लाख की नकदी, गहने और रिट्ज गाड़ी लेकर गायब हो गया है। पुलिस ने शेलर मालिक की पत्नी के बयान पर कुक के खिलाफ विभिन्न धाराओं मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव नाथवान के पास खोखर राइस शेलर का कुक शेलर मालिक सियासत सिंह की पत्नी अमनदीप कौर व उसके 15 वर्षीय बेटे अरमान को खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर घर में रखी नकदी, गहने और गाड़ी में लेकर फरार हो गया। दोनों मां बेटा को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भर्ती करवाया गया जहां से उन्हें की गंभीर अवस्था को देखते हुए उन्हें निजी अस्पताल लाया गया।
पुलिस को दिए बयान में शेलर मालिक सियासत सिंह की पत्नी अमनदीप कौर ने बताया कि उनका परिवार गांव नथवान के पास स्थित अपने शेलर में बने मकान में रहता है। एक सप्ताह पूर्व उन्होंने मोहाली की एक कंपनी के माध्यम से खाना बनाने के लिए एक कुक ठाकुर उर्फ हयात गांव जरी तहसील कुल्लू हिमाचल प्रदेश को रखा था जो प्रतिदिन उनके परिवार का खाना बनाता था। अमनदीप कौर ने बताया कि मंगलवार को उनके पति किसी कार्य से चंडीगढ़ गए थे। रात को कुक ने उन्हें व उनके बेटे अमन को खाना व दूध बना कर दिया जिसमें कुछ ऐसा जहरीला पदार्थ था। खाने के बाद उसे और उसके बेटे को बेहोशी छाने लगी। सुबह जब उसे व उसके बेटे को होश आया तो उन्हें बहुत ज्यादा चक्कर आ रहे थे इतने में उनके शेलर का ड्राइवर बल्लू आया उसने परिवार के अन्य लोगों को उक्त घटना की सूचना दी जिस पर उसे व उसके बेटे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अमनदीप कौर ने बताया कि कुक उनके घर में अलमारी में रखे 7 लाख नकदी, लाखों रुपये के डायमंड व सोने के गहने व उनके शेलर की रिटज गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने अमनदीप कौर के बयान पर कुक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।