गांव खाराखेड़ी के किसानों ने गांव के रजवाहा में जमींदारों पर अवरोध डालकर पानी रोकने और नहरी विभाग के बेलदारों पर कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर दर्जनों किसान जिला उपायुक्त से मिले और ज्ञापन सौंपा।
किसानों का आरोप है कि उनकी जमीन के साथ लगते रजवाहा 13000 मोरी पर 10 मार्च को गांव के कुछ जमींदारों ने बांध लगा दिया। इस कारण पानी का दबाव बढ़ने से दोपहर में रजवाहा टूट गया। किसानों ने बताया कि इसकी शिकायत बेलदार से की तो उन्होंने समस्या का समाधान करने की बजाय किसानों के साथ ही अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद बांध लगाने वाले जमींदारों ने टूटे रजवाहे की मरम्मत कर दी। किसानों ने बताया कि बाद में जब वे दोबारा पानी छुड़वाने के लिए बेलदारों के पास गए तो हेड पर ड्यूटी पर तैनात बेलदारों ने पानी छोड़ने से इंकार कर कहा कि पानी छुड़वाना है, तो खर्चा लगेगा। किसानों ने आरोप लगाया कि उक्त बेलदारों को जो किसान नजराना नहीं देते, उनका पानी बीच में ही बंद कर दिया जाता है।
नजराना देने वाले किसानों के लिए पूरा पानी छोड़ा जाता है। किसानों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर रजवाहा पर बांध लगाने वाले जमींदारों और आरोपी बेलदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उपायुक्त से मिलने वालों में रोहताश, बलवंत, अनिल, राजाराम, हवा सिंह, महाबीर, भजनलाल, मुकेश सहित दर्जनों किसान शामिल रहे।