फतेहाबाद। नगर परिषद और नगर पालिका में अध्यक्ष पद के आरक्षण को लेकर संशय खत्म हो गया है। मंगलवार को शहरी स्थानीय नगर निकाय ने अधिसूचना जारी कर दी है। नगर परिषद फतेहाबाद में चेयरपर्सन पद अनुसूचित जाति के लिए ही आरक्षित रहेगा। इसके अलावा टोहाना और भूना में सामान्य वर्ग और रतिया में सामान्य वर्ग की महिला के लिए पद आरक्षित कर दिया गया है।
शहरी स्थानीय नगर निकाय ने पिछले दिनों चेयरपर्सन पद को लेकर दोबारा ड्रा निकालने का पत्र जारी कर दिया था, इसको लेकर उम्मीदवारों में खलबली मच गई थी। वहीं फतेहाबाद में सामान्य वर्ग से चुनाव लडऩे का सपना देखने वाले उम्मीदवारों में खुशी देखी गई थी लेकिन मंगलवार को जारी हुई अधिसूचना के बाद फिर निराशा हाथ लगी है। शहरी स्थानीय नगर निकाय ने 22 जून को मुख्यालय में इसको लेकर ड्रॉ निकाला था। इस ड्रॉ में नगर परिषद फतेहाबाद में अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व किया गया था। इसके अलावा भूना और टोहाना में सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित किया गया था। रतिया में सामान्य वर्ग महिला के लिए आरक्षित किया गया था। अब ये ही ड्रा कायम रखेगा। इन आरक्षित पदों के आधार पर ही उम्मीदवार चुनाव लड़ सकेंगे।
उम्मीदवारों ने छोड़ दिया था प्रचार
नगर परिषद और नगर पालिका में ड्रा में फेरबदल की चर्चाएं शुरू होने के बाद उम्मीदवारों ने प्रचार छोड़ दिया था। सबसे ज्यादा असर फतेहाबाद में देखने को मिला। अनुसूचित जाति के लिए पद आरक्षित होने के बाद उम्मीदवारों प्रचार शुरू कर दिया था। डोर टू डोर संपर्क अभियान शुरू हो गया था। लेकिन दोबारा ड्रा की चर्चा के बाद उम्मीदवारों ने प्रचार बंद कर दिया था।
फतेहाबाद नप में अब तक ये बन चुके अध्यक्ष
अध्यक्ष कब से कब तक
उषा चौधरी 24 मई 2005 से 21 अप्रैल 2010
विरेंद्र नारंग 8 जुलाई 2010 से 23 फरवरी 2015
सुनील बंसल 24 फरवरी 2015 से 16 जून 2015
दर्शन नागपाल 29 जून 2016 से 12 जून 2021
फतेहाबाद में 16 साल बाद अनुसूचित जाति वर्ग से होगा प्रधान
प्रधान पद के फतेहाबाद में अनुसूचित जाति वर्ग से ही चुनाव लड़ पाएगा। ऐसा पहली बार होगा जब सामान्य श्रेणी से प्रधान नहीं होगा। अब तक सामान्य श्रेणी से ही नगर परिषद में प्रधान बनते रहे है। 2005 में उषा चौधरी, 2010 में विरेंद्र नारंग, 2015 में सुनील बंसल तथा 2016 में दर्शन नागपाल नगर परिषद में प्रधान चुने गए।
कोट
चेयरपर्सन पद को लेकर शहरी स्थानीय नगर निकाय ने अधिसूचना जारी कर दी है। फतेहाबाद नगर परिषद पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित रहेगा।
- ऋषिकेश वर्मा, ईओ, नगर परिषद