कई दिनों की राहत के बाद पिछले दो दिन से मौसम ने फिर अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को भी पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया। इसके चलते लोग भी काफी परेशान दिखे। भीषण गर्मी के चलते लोग भी घरों से बाहर निकलने से बचते रहे।
हालांकि राहत की बात ये रही कि रविवार होने के कारण स्कूल कालेज बंद थे। इस कारण बच्चे भीषण गर्मी की मार से बच गए। दूसरी ओर, मौसम विभाग आगे भी लगातार गर्मी बढ़ने की आशंका जता रहा है। कड़कती धूप के बीच शहर की अधिकतर सड़कें सुनसान रहीं। इक्का-दुक्का वाहन ही सड़क पर चल रहे थे।
विभाग ने वीरवार को तापमान 44 डिग्री से भी पार जाने की आशंका जताई है। अभी तक इस सीजन का सबसे गर्म दिन 43.5 रहा है जो तकरीबन एक सप्ताह पहले था। इस बीच मौसम में बदलाव होने से दो दिन तक बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी भी हुई थी। इससे अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक आ गया था, लेकिन पिछले दो तीन दिन से पारे में अचानक से फिर बढ़ोतरी हो गई है।