प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव आईएएस रोशनलाल ने टोहाना खंड के गांव फतेहपुरी में लड़कियों की कम जन्म दर पर हैरानी जताई है और अधिकारियों को गांव की मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने ग्रामीणों को संकल्प कराया कि वे न तो भ्रूण हत्या करवाएंगे और न ही इसमें भागीदारी करेंगे। अतिरिक्त मुख्य सचिव रोशन लाल शुक्रवार को ग्राम उदय से भारत उदय अभियान के तहत फतेहपुरी गांव में ग्राम सभा की बैठक की अध्यक्षता करने पहुंचे थे। बैठक से पहले उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।
अतिरिक्त मुख्य सचिव रोशन लाल ने कहा कि पंचायत चुनाव और जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान पैदा हुई आपसी कड़वाहट को भूलकर हमें सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में जड़ता को अपनाने से विकास का पहिया रुक जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल 14 अप्रैल से देश भर में ग्राम उदय से भारत उदय अभियान की शुरुआत की है जो 24 अप्रैल तक चलेगा। ग्रामीण विकास के लिए पंचायत को पूरा सहयोग दें। अगर कहीं गलत होता दिखे तो उसकी शिकायत भी करें।
उन्होंने कहा कि ग्राम सभा में सामूहिक के साथ-साथ व्यक्तिगत समस्याओं को भी शामिल किया जा सकता है। इस मौके पर एडीसी जेके आभीर, डीएसपी विजय जाखड़, तहसीलदार नवदीप नैन, एएफएसओ मुरारी लाल सिंगला, सरपंच सोनी सिंह, सीडीपीओ उषा मुआल, एसईपीओ धर्मपाल सिंह, प्रधानाचार्य बलवान सिंह गिल, सचिव पवन कुमार, पंच लखमिंद्र सिंह, गुरसेवक सिंह, तरसेम सिंह, सरबजीत, नंबरदार अमरीक सिंह आदि मौजूद रहे।