एक्साइज ड्यूटी के विरोध में हड़ताल पर चल रहे फतेहाबाद के स्वर्णकारों के हड़ताल को समाप्त करने को लेकर मतभेद उभर आए। शुक्रवार को स्वर्णकार सभा के प्रधान ने हड़ताल को समाप्त करने का एलान किया तो शनिवार को प्रधान के निर्णय के विरोध में दूसरा गुट सामने आ गया। दूसरे गुट ने सुनहरी लाल सोनी के नेतृत्व में स्वर्णकार एसोसिएशन के नाम से धर्मशाला रोड पर ही धरना शुरू कर दिया। सुनहरी लाल ने एलान किया कि ऊपर से 10 अप्रैल तक हड़ताल के आदेश थे, इसलिए तब तक स्वर्णकार हड़ताल पर रहेंगे। रविवार को मीटिंग कर आगे का फैसला लिया जाएगा।
एक्साइज ड्यूटी के विरोध में पिछले 39 दिनों से धरने पर बैठे स्वर्णकारों पर मंदी की मार को देखते हुए सभा के प्रधान राजेंद्र वर्मा ने शुक्रवार को हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी। वर्मा ने बातचीत में कहा था कि शनिवार से स्वर्णकार दुकान खुली रखेंगे। प्रधान गुट समर्थकों ने शनिवार को अपनी दुकानें खोल ली। प्रधान के इस निर्णय के विरोध में स्वर्णकारों के दो गुट बंट गए। शनिवार को धर्मशाला रोड पर ही स्वर्णकारों के एक गुट ने स्वर्णकार सभा की जगह स्वर्णकार एसोसिएशन के नाम से बैनर लगाकर धरना लगा दिया। इस गुट ने शनिवार को भी अपनी दुकानें बंद रखीं।
धरने पर मौजूद सुनहरी लाल, रवि टुटेजा, राजू सोनी इत्यादि ने बताया कि स्वर्णकारों को ऊपर से आदेश थे कि 10 अप्रैल तक हड़ताल जारी रहेगी। 10 अप्रैल को मीटिंग करके आगे की रणनीति का फैसला लिया जाएगा। मालूम हो कि टोहाना व रतिया में अभी भी हड़ताल चल रही है। शनिवार के धरने पर प्रधान गुट ने पूरी तरह से दूरी बनाए रखी। इस मौके पर पूर्व प्रधान बंटी सहदेवड़ा, भारत भूषण, दलीप सोनी, राजेश सोनी, मदन जोड़ा, अमरीक सिंह, शीलू सोनी, सज्जन सोनी, सुरेंद्र सोनी, पुष्पराज व दलीप सिंह आदि मौजूद रहे।