फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो साल बीते, ना सड़क तैयार ना शेड, कहां उतरेगा गेहूं

Mon, 04 Apr 2016 12:13 AM IST
सुरेन्द्र असीजा/अमर उजाला, फतेहाबाद
विज्ञापन
गेहूं खरीद - फोटो : file
विज्ञापन
सिरसा रोड पर निर्माणाधीन अतिरिक्त अनाजमंडी में इस सीजन में भी गेहूं की खरीद नहीं हो पाएगी। मार्केट कमेटी के अधिकारी कितना भी दावा करें लेकिन हालात बता रहे हैं कि किसानों की गेहूं उतारना तो दूर मंडी के नजदीक लाना भी असंभव है। इस  अतिरिक्त अनाजमंडी की चारदीवारी भी पूरी नहीं हो पाई। न ही मंडी की जगह पर कोई शेड है और न ही कोई सड़क। हालात ये हैं कि मंडी की 100 एकड़ जगह पर चारों तरफ बालू मिट्टी के ढेर की सड़कें ही नजर आ रही हैं। ऐसे में गेहूं की आवक और उठान कैसे होगी, यह समझ से परे है। अमर उजाला ने मौके पर जाकर अतिरिक्त अनाजमंडी का जायजा लिया। जहां पर कुछ कर्मचारी सड़क पर पत्थर बिछाने की तैयारियों में दिखे। हालांकि अतिरिक्त अनाजमंडी के निर्माण के कार्य को लेकर सचिव व उपायुक्त के बयान को लेकर विरोधाभास है।
विज्ञापन


भट्टूू रोड पर अनाजमंडी पांच दशक पुरानी
फतेहाबाद के भट्टू रोड स्थित अनाजमंडी पांच दशक से भी पुरानी है। इन पांच दशकों में जिले में कृषि क्षेत्र का रकबा बड़ा तो उत्पादन भी बढ़ा। अधिक भीड़ और आवाजाही के कारण यहां की अनाजमंडी छोटी पड़ गई है। जिस कारण गेेहूं, धान इत्यादि मुख्य फसलों के समय मंडी व आसपास में जाम की स्थिति रहती है। लोगों की मांग को देखते हुए पूर्व सरकार ने 10 अप्रैल 2013 को यहां अतिरिक्त अनाजमंडी बनाने के लिए 100 एकड़ जगह पर शिलान्यास किया। इस पर करीब 98 करोड़ रुपये जमीन का मुआवजा देना पड़ा। मार्केटिंग बोर्ड के अनुसार अतिरिक्त अनाजमंडी एक वर्ष में बनकर तैयार हो जानी चाहिए थी। इसमें किसानों के लिए शेड, गेहूं के फड़, प्लेटफार्म के साथ पार्किंग, शौचालय, किसान विश्राम गृह, किसान बाजार बनाए जाने हैं। व्यापारियों को दुकानें और बूथ भी अलॉट किए जाने हैं।

2013 के बाद हर सीजन में अतिरिक्त अनाजमंडी में प्लेटफार्म तैयार होने के दावे किए गए। इतना ही नहीं मार्केट कमेटी हर गेहूं के सीजन में दावा करता है कि इस बार गेहूं अतिरिक्त अनाजमंडी में ही उतारी जाएगी, लेकिन अधूरी तैयारियों के कारण दावे तथ्यों से दूर दिखाई दे रहे हैं। अमर उजाला ने मौके पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया तो देखा कि सड़कों पर बजरी बिछाई जा रही है। प्लेटफार्म की जगह बालू रेत बिछी हुई है। चारदीवारी कहीं भी दिखाई नहीं देती। शेड के लिए पाइपों की कसाई करते मजदूर देखे जा सकते हैं।
विज्ञापन


काम कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि काम पूरा होते अभी समय लगेगा। समय कितना लगेगा इसका भी अभी कोई अंदाजा नहीं है। ऐसे में अधिकारियों का दावा कितना सच होता है यह अपने आप में बड़ा सवाल है। क्योंकि गेहूं की फसल जल्द ही अनाजमंडी में आने वाली है। मालूम हो कि वर्तमान अनाजमंडी बीचों बीच होने के कारण किसानों का गेहूं नेशनल हाईवे, मॉडल टाउन, नीजि फैक्ट्रियों, सिविल अस्पताल परिसर, नई सब्जी मंडी, रिहायशी सेक्टर तीन में भी उतारना पड़ता है।

क्या कहते हैं सचिव
सिरसा रोड पर नई अनाजमंडी में सीमेंटेड प्लेटफार्म बन चुके हैं। बिजली-पानी के कनेक्शन का काम चल रहा है। सीजन शुरू होने से पहले सारी तैयारियां कर ली जाएंगी।
मेजर सिंह, सचिव मार्केट कमेटी

ये कहते हैं उपायुक्त
अभी काम चल रहा है। अधिकारियों की बैठक में आदेश दिए हैं कि बिजली व पानी का कनेक्शन तुरंत दिया जाए। सड़कों का निर्माण जल्द पूरा किया जाए। अभी गेहूं आने में 15 दिन का समय लगेगा। उम्मीद है तब तक अतिरिक्त अनाजमंडी का निर्माण प्राथमिक स्टेज पर पूरा हो जाएगा।
विज्ञापन

एनके सोलंकी, उपायुक्त, फतेहाबाद
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें