अमित रूखाया । सामान्य अस्पताल की नई इमारत का मामला भले ही सीएम घोषणाओं की लिस्ट से निकल गया हो, लेकिन बावजूद इसके फतेहाबाद के सेक्टर-नौ में प्रस्तावित अस्पताल की नई इमारत फिर भी बनाई जाएगी। बीते दिन प्रदेश भर के सिविल सर्जनों की बैठक में ये मुद्दा उठने के बाद ये फैसला लिया गया है। फतेहाबाद सिविल सर्जन डॉ. अशोक चौधरी ने इसकी पुष्टि की है। इससे पहले सीएम घोषणाओं की लिस्ट से सरकारी अस्पताल की नई बिल्डिंग के मामले को निकाल देने से इस नई इमारत के अस्तित्व पर ही आशंकाएं खड़ी हो गई थी। हालांकि इसके चलते ये अंदेशा जताया जा रहा है कि अस्पताल की इमारत को मंजूरी मिलने से जिले में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का मसला ठंडे बस्ते में जा सकता है।
बैठक में आयुष विभाग ने मांगी वर्तमान अस्पताल की जगह
बीते दिन चंडीगढ़ में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में हुई बैठक में आयुष विभाग ने फतेहाबाद सरकारी अस्पताल की वर्तमान जगह की मांग अपने लिए की थी। इसी सवाल के जवाब में मीटिंग में बताया गया कि ये जगह हुडा को दी जाएगी, क्योंकि हुडा की ओर से फतेहाबाद में सरकारी अस्पताल के लिए 15 एकड़ जगह दी जा चुकी है। इसके साथ ये भी बताया गया कि फतेहाबाद जिला प्रशासन की ओर से इस अस्पताल के निर्माण को सीएम घोषणाओं की लिस्ट से तो निकाल दिया गया है, लेकिन बावजूद इसको सामान्य प्रक्रिया से पूरा किया जाएगा।
ग्रांट की बदलेगी मद, बाकी स्थिति पहले जैसी
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों की जानकारी के अनुसार सीएम घोषणाओं की लिस्ट में शामिल योजनाओं के लिए विशेष तौर पर सरकार से ग्रांट आती है। लेकिन फतेहाबाद के सरकारी अस्पताल की नई बिल्डिंग के लिए अब सामान्य प्रक्रिया से ही ग्रांट आएगी। क्योंकि बाकी सभी औपचारिकताएं तो पहले ही पूरी हो चुकी हैं। इसके साथ साथ ये भी बताया गया है कि खुद स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज इस मामले में दिलचस्पी दिखा रहे हैं, जिससे अस्पताल की नई बिल्डिंग के निर्माण के भी जल्द शुरू होने की संभावना है।
बीते दिन स्वास्थ्य मंत्री की बैठक में फतेहाबाद अस्पताल की हुडा सेक्टर में प्रस्तावित नई बिल्डिंग का मसला उठा था, जिसमें ये बताया गया है कि सीएम घोषणाओं की लिस्ट से ये भले ही बाहर हो, लेकिन इस इमारत को सामान्य प्रक्रिया के तहत अवश्य बनवाया जाएगा। इसलिए मौजूदा अस्पताल की मरम्मत पर कम राशि ही खर्च होगी।
डॉ. अशोक चौधरी, सिविल सर्जन, फतेहाबाद ।