फतेहाबाद शहर के अधिकांश इलाकों में वीरवार रात को बिजली आपूर्ति ठप रही। पड़ा। शुक्रवार सुबह तक बिजली ना आने से इन इलाकों में जनजीवन प्रभावित रहा। बिजली ना होने के पीछे लाइन में फॉल्ट व धुंध के कारण 132 केवी सब स्टेशन में मरम्मत को कारण बताया गया है।
कई दिनों से पड़ी रही धुंध से बिजली की नंगी तारें स्पार्किंग कर रही थी। वीरवार रात को भट्टू रोड़ पर जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के पास बिजली की लाइन में फॉल्ट आने से नहर कालोनी, शिवनगर, भट्टूरोड, मिनी बाईपास, सतीश कालोनी, सूर्या इंक्लेव, आरके कालोनी, बीमा कालोनी, जगजीवनपुरा कालोनी व बीघड़ रोड सहित दर्जनों कालोनियों में बिजली ठप हो गई। बिजली सप्लाई ना होने से लोगों ने देर रात तक 33केवी सबस्टेशन पर फोन कर जानकारी लेनी चाही तो वहां उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।
शुक्रवार सुबह तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई। सुबह धुंध के कारण लाइन ठीक करने में भी बिजली कर्मचारियों को दिक्कत आई। इसके बाद भट्टू रोड पर 132केवी सबस्टेशन पर बिजली आपूर्ति सुचारु करने के लिए ट्रांसफार्मर व लाइन के फॉल्ट चेक किए गए। इस कारण करीब 11 बजे सुबह बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इसके अलावा अशोक नगर, कबीर बस्ती, व आजाद नगर में भी बिजली के कई घंटे कट लगे रहे।
धुंध के मौसम में केबल स्पार्किंग से आई समस्या : एसडीओ
निगम के उपमंडलाधिकारी गुलशन वधवा ने बताया कि रात को भट्टू रोड पर फॉल्ट आ गया था और दिन में 132केवी में मरम्मत के बाद बिजली पुन: बहाल कर दी गई थी। इस मौसम में तारों पर धुंध जम जाती है, जिस कारण ओस की बूंदें व मिट्टी के कारण केबल में स्पार्किंग होती है। इसी कारण ये समस्या आई थी।