रविवार को हुए जिले के सभी नगर निकाय के चुनाव में मतदाताओं ने पहली बार अभूतपूर्व मतदान किया। कड़ी धूप के बीच मतदाताओं की कतारें शाम तक लगी रही। युवा हो या बुजुर्ग सभी मतदाता अपना प्रतिनिधि चुनने के लिए उत्सुक दिखे। फतेहाबाद नगर परिषद के लिए कुल 80.1 प्रतिशत, टोहाना नगर परिषद में 81 प्रतिशत, भूना में 83.2 और रतिया में सबसे ज्यादा 85.2 प्रतिशत मतदान हुआ है।
रतिया और फतेहाबाद में छिटपुट घटनाओं की खबरों के बीच पूरे जिले में मतदान लगभग पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। बीजेपी को इन चुनावों में पूरे जिले से कई झटकों का सामना करना पड़ा है। टोहाना में सेंसर बोर्ड के सदस्य कामराज शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के नजदीकी वेद जांगड़ा की पुत्रवधू भी चुनाव में हार गई हैं। फतेहाबाद में तो महज 5 बीजेपी अधिकृत उम्मीदवारों की जीत हुई है तो टोहाना में 23 में से 8 पार्षद बीजेपी समर्थित बताए जा रहे हैं। रतिया में बीजेपी के विजयी अधिकृत उम्मीदवार 7 हैं जबकि 16 सदस्यीय नगर पालिका है। इसके अलावा पहली बार बनी भूना में 15 में से 7 सीटों पर बीजेपी उम्मीदवारों की जीत हुई है।
चुनाव नतीजे आने के बाद फतेहाबाद के वार्ड 24 में एक प्रत्याशी के समर्थकों ने रिजल्ट में धांधली का आरोप लगाकर नेशनल हाइवे जाम करने का भी प्रयास किया लेकिन जाम लगा रहे लोगों को पुलिस ने नेशनल हाइवे से साइड में खदेड़ दिया। इस बार फतेहाबाद की नगर परिषद में कुल चार ही पुराने चेहरे नजर आएंगे। इसके अलावा बाकी सभी 21 नए चेहरे होंगे हैं। इस बार नगर परिषद में रिकार्ड 13 महिलाएं पार्षद बनकर पहुंची हैं। ऐसे में इस बार नगर परिषद की 25 में से 13 सदस्य महिला होने के चलते वर्चस्व महिला के हाथ में ही रहने की संभावना है।
पूरे जिले में इस तरह से बढ़ा मतदान प्रतिशत
जिले के फतेहाबाद-टोहाना नगर परिषद और भूना-रतिया नगर पालिका के लिए वोटिंग हुई। भीषण गर्मी की आशंका के चलते अधिकतर इलाकों में वोटर सुबह-सबेरे ही पोलिंग बूथ पर पहुंचने शुरु हो गए थे। इस बार भूना नगर पालिका के लिए पहली बार हुए मतदान का उत्साह साफ तौर पर मतदाताओं में देखने को मिला। सुबह 9 बजे तक भूना में 22 प्रतिशत मतदान हो चुका था जबकि टोहाना और फतेहाबाद नगर परिषद में अभी 20 फीसदी मतदान भी नहीं हुआ था। रतिया नगर पालिका के लिए भी सुबह 9 बजे तक 25 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी थी। इसके बाद पूरे जिले में वोटिंग ने अच्छी रफ्तार पकड़ ली और तीन बजते-बजते तक फतेहाबाद और भूना में 72 प्रतिशत और रतिया में 70 फीसदी मतदान हो चुका था।
समय फतेहाबाद मतदान टोहाना भूना रतिया
09 बजे 18 18 22 25
10 बजे 26 25 28 30
12 बजे 42 42 49 42
1 बजे 59 55 60 55
2 बजे 66 60 65 65
3 बजे 72 68 72 70
4 बजे 75 72 79 74
कुल 80.1 81 83.2 85.2