25 सदस्यीय फतेहाबाद नगर परिषद में इस बार 13 महिला पार्षद चुनी गई हैं। ऐसे में पूरी संभावना है कि नगर परिषद अध्यक्ष पद पर किसी महिला को बैठाया जाए। वैसे भी बीजेपी ने जिले की छह में पांच पंचायत समितियों के अध्यक्ष पद पर एवं जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पर महिलाओं को बैठाया है तो नगर परिषद अध्यक्ष पद पर भी महिला को बैठाया जा सकता है।
इस बार दिलचस्प बात ये है कि इनमें से दो महिलाएं ऐसी हैं जिन्होंने सामान्य वार्ड में पुरुष प्रत्याशियों के सामने दम ठोंका था और बाकायदा जीत हासिल की। वार्ड नंबर 9 से ज्योति मेहता ने दिग्गज माकपा नेता मोहनलाल नारंग को 93 वोटों से शिकस्त दी तो वार्ड-19 से प्रसिद्ध समाजसेवी नेहा मित्तल ने बीजेपी अधिकृत उम्मीदवार तरुण गोयल को 274 वोटों से मात दी है। ऐसे में नेहा मित्तल और ज्योति मेहता का नाम नगर परिषद अध्यक्ष की संभावित सूची में अपने आप शामिल हो गया है। वैसे बीजेपी किरण नारंग पर भी दांव खेल सकती है।
अन्य महिला पार्षदों में वार्ड-1 से रवींद्र कौर, दो से पिंकी ग्रोवर, 5 से पूनम रानी, 6 से रानी देवी, 8 से चंद्रकांता मक्कड़, 9 से ज्योति मेहता, 10 से अनीता कुक्कड़, 11 से भारती नारंग, 13 से श्वेता बाघला टुटेजा, 15 नंबर वार्ड से वीना कुमारी मिड्डा, 16 से सुनीता रत्ति, वार्ड 19 से नेहा मित्तल और वार्ड 21 से किरण नागपाल को जीत हासिल हुई है।