पत्रकारों से बातचीत करते सैनी ।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान इनेलो और कांग्रेस समाज के लोगों को गुमराह करके धरने में शामिल हो रहे हैं। दोनों ही पार्टियों के लोग अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में जुटे हैं। यह बात श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री नायब सैनी ने किसान विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता में कही। सैनी ने कहा कि सरकार और खाप नेताओं के बीच बातचीत हो चुकी है। इसमें आंदोलन के दौरान दर्ज किए गए मुकदमे खारिज करने पर सहमति बन चुकी है। हालांकि संगीन धाराओं के तहत दर्ज किए गए मुकदमे खारिज नहीं होंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला और अनिल विज पर अनर्गल बयानबाजी के सवाल पर सैनी ने कहा कि दोनों ही पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और दोनों प्रदेश हित में ही अच्छा कदम उठा रहे हैं। सैनी ने कहा कि गलत बयानबाजी करके इनेलो समाज का भाईचारा तोड़ने पर जुटी हुुई है। उन्होंने इनेलो पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। राज्यमंत्री ने प्रदेश में जाट समुदाय द्वारा धरना देने के पीछे भी इनेलो का ही एक षड्यंत्र बताया है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष वेदफूलां, मार्केट कमेटी के चेयरमैन आत्माराम नाढ़ोडी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गुलशन हंस, जोनी खट्टर, राजबीर नहला, सुभाष सिवाच, मक्खन विश्नोई, लीलाकृष्ण डूल्ट, एसडीएम सतबीर सिंह जांगू, डीएसपी गुरदयाल सिंह आदि भी मौजूद थे।