युवाओं को उनकी रुचि के अनुसार प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ-साथ रोजगार उपलब्ध कराने में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान अहम भूमिका निभा रहा है। जिले के अग्रणी बैंक प्रबंधक सीता राम सोनी ने स्थानीय पंचायत भवन में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत आयोजित प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर यह बात कही। इस प्रशिक्षण शिविर में 24 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिन्हें समापन अवसर पर मुख्य अतिथि ने प्रशिक्षण पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर प्रशिक्षण पाने वाले युवाओं को संबोधित करते एलडीएम सीताराम सोनी ने कहा कि यदि वे अपना रोजगार स्थापित करना चाहते हैं, तो पंजाब नैशनल बैंक की ओर से उन्हें उचित मार्गदर्शन देते ऋण उपलब्ध करवाने में भी सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्टेट बैंक ऑफ पटियाला द्वारा जिला में संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान अपने प्रशिक्षण कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार प्रसार करें। इसके साथ ही ग्रामीण स्तर पर होने वाली ग्रामसभा की बैठकों के माध्यम से भी युवाओं को ज्यादा से ज्यादा संख्या में अपने साथ जोड़े ताकि बेरोजगार युवा अपनी-अपनी रुचि के व्यवसाय में प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल कर सके।
सोनी ने समापन अवसर पर प्रतिभागियों को बैंकों द्वारा स्वरोजगार की दिशा में प्रदान की जाने वाली विभिन्न योजनाओं तथा नेट बैंकिंग, एसबीआई बडी, पीओएस मशीनों, पेटीएम आदि ई-बैंकिंग के माध्यमों द्वारा नकदी रहित लेनदेन के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक जेएस मल्हान ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते संस्थान द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान से अभी तक 2598 युवक-युवतियां प्रशिक्षण हासिल कर चुके हैं और इनमें से 1072 युवक-युवतियों ने अपना स्वयं का रोजगार स्थापित किया है। मल्हान ने बताया कि संस्थान द्वारा 14 मार्च से पशुपालन का प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ किया जाएगा।