मुख्य बीज केंद्र पर आए किसानों को समझाते केंद्र कर्मी व पुलिस। संवाद
टोहाना। कैंची चौक स्थित बीज बिक्री केंद्र पर गेहूं का बीज लेने के लिए आए किसानों को दूसरे दिन शनिवार को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोपहर तक जब किसानों को बीज नहीं मिला तो वे मुख्य बीज केंद्र डांगरा रोड पर पहुंच गए जहां पुलिस की टीम मौजूद रही। इस दौरान पुलिस ने मुख्य बीज केंद्र के मैन गेट को अंदर से बंद कर लिया।
इस पर किसानों की अधिकारियों से बहस भी हुई। मैनेजर जयबीर सिंह ने बीस मिनट बाद केंद्र पर 500 बैग भेजने की बात कहकर किसानों को भेज दिया। इस दौरान किसान रामनिवास, रमेश, विनोद ने कहा कि वे सुबह 6 बजे गेहूं का बीज लेने के लिए कैंची चौक खरीद केंद्र पर आए थे लेकिन बीज नहीं मिल रहा है। लगातार हो रही देरी से वे परेशान हो चुके हैं।
विभाग की ओर से झज्जर में गाड़ी भेजने की बात कही जा रही है। किसानों ने कहा कि इस समस्या का स्थाई हल नहीं हुआ तो वे रोड जाम करने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को भी किसान परेशान थे इसके बावजूद प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
वहीं सरकारी बीज केंद्र के मैनेजर जयबीर ने बताया कि कुछ किसान कैंची चौक बीज बिक्री केंद्र पर गेहूं का बीज न मिलने पर यहां आए थे। इसके बाद 500 बैग का एक ट्रक वहां भेज दिया गया था। झज्जर में बीज भेजने के पर कहा कि पूरे हरियाणा में सप्लाई देनी होती है।