संवाद न्यूज एजेंसी
जाखल। मजदूर किसान मोर्चा के आह्वान पर गांव मुनदलिया के सरपंच निर्मल सिंह की अध्यक्षता में क्षेत्र के विभिन्न गांवों में प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में किसानों ने प्रदर्शन किया। तलवाड़ा, साधनवास, चांदपुरा, मुनदलिया सहित कई गांवों में किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सरपंच निर्मल सिंह ने कहा कि प्रस्तावित ट्रेड डील किसानों, खेत मजदूरों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के हितों के विपरीत है। उनका कहना था कि ऐसी नीतियों का कृषि क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और छोटे तथा मध्यम वर्ग के किसानों की आजीविका प्रभावित होगी।
उन्होंने सरकार से किसानों की चिंताओं पर गंभीरता से विचार करने की मांग करते हुए कहा कि कृषि से जुड़े किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय से पहले किसान संगठनों के साथ व्यापक चर्चा होनी चाहिए। प्रदर्शन में तारा सिंह, गोरा सिंह, कुलदीप सिंह, देसराज सिंह, जगतार सिंह, सुखा सिंह सहित अनेक किसान और मजदूर उपस्थित रहे।