फतेहाबाद। मौसम में बदलाव के चलते हर दूसरा मरीज खांसी-जुकाम की चपेट में है। लेकिन जिले के सरकारी अस्पतालों में कफ सिरप नहीं है। नागरिक अस्पताल में तो करीब डेढ़ माह से खांसी की दवाई नहीं है। मरीजों को बाहर से मजबूरी में दवाई खरीदनी पड़ रही है।
नागरिक अस्पताल में विशेषज्ञ की ओपीडी में रोजाना 110 से 120 मरीज आ रहे हैं इसमें खांसी-जुकाम के 40 से 50 मरीज होते हैं। वेयर हाउस से दवा की आपूर्ति न होने के कारण अस्पतालों में समस्या आ रही है। वेयर हाउस हिसार से जरूरत की सभी दवाइयां जिले के सरकारी अस्पतालों में भेजी जाती है।
वेयर हाउस से आने के चलते अस्पतालों से डिमांड सिविल सर्जन कार्यालय में भेजी जा चुकी है। यहां तक सीएमओ कार्यालय आर्डर भी दे चुका है। 10 हजार में से चार हजार शीशियां आ भी चुकी हैं लेकिन नियम के अनुसार जब तक पूरी सप्लाई व बिलिंग नहीं होती तब तक अस्पतालों को अलॉट नहीं किया जा सकता है। कमेटी को सत्यापन करके रिपोर्ट भी देनी होती है।
अस्पताल में रोजाना होती है 60 से 70 कफ सिरप की जरूरत
नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में खांसी की दवाई की रोजाना 60 से 70 कफ सिरप की जरूरत होती है। इसके अलावा सीएचसी स्तर पर 20 से 30 मरीज खांसी-जुकाम को लेकर आ रहे हैं। सबसे ज्यादा डिमांड नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में रहती है। यहां डेढ़ माह से दवा खत्म है तो कई सीएचसी पर 20 से 30 दिनों से खत्म हो चुकी है।
ओपीडी में 40 से 50 मरीज खांसी-जुकाम के आ रहे हैं। अस्पताल में कफ सिरप नहीं है। इसके चलते समस्या आ रही है। अस्पताल की तरफ से मांग भेजी जा चुकी है।
- डॉ. मनीष टुटेजा, विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल
दवाइयों को लेकर फिलहाल कोई समस्या नहीं है। कफ सिरप की खरीद प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही अस्पताल में भेज दी जाएगी। - डॉ.महेंद्र भादू, सिविल सर्जन
दिन और रात के तापमान में 18 डिग्री तक का अंतर
जिले में पिछले तीन से चार दिनों से रात और दिन के तापमान में काफी अंतर आ रहा है। करीब 18 डिग्री तापमान का अंतर है। मंगलवार को जहां अधिकतम तापमान 21 डिग्री रहा तो न्यूनतम तीन डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह से सोमवार को अधिकतम 26 डिग्री तो न्यूनतम 6 डिग्री रहा था। नागरिक अस्पताल के विशेषज्ञ डॉ. मनीष टुटेजा का कहना है कि तापमान में गिरावट के कारण कमजोर इम्युनिटी के लोग वायरल की चपेट में आ रहे है।
ये है जिले में सरकारी अस्पतालों की स्थिति
जिला अस्पताल
-
1
उप नागरिक अस्पताल
-
2
सीएचसी
-
5
पीएचसी
-
18
सब सेंटर
-
131