फतेहाबाद। त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ शहर के थाना रोड, चार मरला कॉलोनी व महाराजा अग्रसेन चौक पर लग रहे जाम को लेकर नगर परिषद द्वारा मंगलवार दोपहर को साढ़े तीन बजे अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। टीम ने इस दौरान 12 दुकानों के आगे से सामान जब्त कर लिया।
हालांकि मल्टीपर्पज पार्किंग के आगे से स्टॉल संचालकों ने अभियान शुरू होने से दो घंटे पहले ही सामान हटा लिया और जगह खाली कर दी।
जबकि यहां पर सबसे ज्यादा अतिक्रमण हो रहा है। पहले ही सूचना मिलने से पार्किंग के आगे से स्टॉल संचालकों ने सामान हटा लिया और कार्रवाई से बच गए। वहीं नगर परिषद के अधिकारियों का कहना है कि सुबह चेतावनी दी गई थी। अगर दोबारा सामान रखेंगे तो कार्रवाई करेंगे।
नगर परिषद के एसआई राहुल कुमार के नेतृत्व में दरोगा और सफाई कर्मचारियों ने अभियान चलाया। टीम ने महाराजा अग्रसेन चौक, थाना रोड, चार मरला कॉलोनी और जवाहर चौक से अतिक्रमण हटाया। यहां पर दुकानों के आगे रखे बोर्ड कब्जे में ले लिए। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही। दुकानों के आगे रखे सामान को अंदर रखने में जुट गए।
फुटपाथ पर अवरोधक लगे मिले : थाना रोड पर नगर परिषद की अनुमति के बिना थाना रोड पर बने फुटपाथ पर अवरोधक लगे मिले। नगर परिषद कर्मचारियों ने इन अवरोधकों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन हटा नहीं पाए। इन अवरोधकों के कारण भी व्यवस्था बिगड़ी हुई है।
नो पार्किंग में खड़े वाहनों के भेजे जाएंगे पोस्टल चालान
थाना रोड पर मल्टीपर्पज पार्किंग होने के बावजूद दुकानों के आगे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के कारण जाम की स्थिति रहती है। त्योहारी सीजन में स्थिति और बदहाल हालत हो जाती है। मंगलवार दोपहर को ट्रैफिक पुलिस टीम ने पैदल गश्त की और पीली पट्टी से बाहर खड़े वाहनों के फोटो लिए। ट्रैफिक पुलिस वाहन मालिकों को पोस्टल चालान भेजेगी।
हंस मार्केट में नहीं चलाया अभियान
नगर परिषद ने हंस मार्केट में अतिक्रमण हटाओ अभियान नहीं चलाया। जबकि यहां पर सबसे ज्यादा अतिक्रमण है। हंस मार्केट में गलत तरीके से स्टॉल लगने और सब्जी की रेहड़ी लगने से जाम की स्थिति बनी रहती है। शाम के समय यहां से पैदल गुजरना भी मुश्किल हो जाता है।