फतेहाबाद में कोरोना सैंपल लेते स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी।
- फोटो : Fatehabad
मौसम में बदलाव के साथ-साथ कोरोना खतरनाक होता जा रहा है। जिले में कोरोना संक्रमण का कहर बढ़ रहा है और मौत का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। रविवार को कोरोना संक्रमित 45 वर्षीय व्यक्ति निवासी ढाणी टालीवाली तथा टोहाना निवासी 71 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई है। जिले में कुल मरीजों की मौत का आंकड़ा 91 तक पहुंच गया है। इस माह अब तक 22 दिनों में 32 मौतें हो चुकी हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक ढाणी टाली वाली निवासी कोरोना संक्रमित 46 वर्षीय व्यक्ति को फतेहाबाद के निजी अस्पताल में 20 नवंबर को दाखिल करवाया गया था। यहां पर वेंटिलेटर पर रखा गया। रविवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा टोहाना के भाटिया नगर निवासी 71 वर्षीय बुजुर्ग के कोरोना संक्रमित होने पर हिसार के निजी अस्पताल में सात नवंबर को दाखिल करवाया गया था। रविवार सुबह यहां उपचार के दौरान मौत हो गई।
जिले में इसके अलावा रविवार को तीन स्कूलों के दो शिक्षक और चार विद्यार्थी समेत 52 कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिले में कुल मरीजों का आंकड़ा 4052 तक पहुंच गया है। रविवार को एक ही मरीज ठीक हुआ है। 467 मरीज सक्रिय हैं। स्वास्थ्य विभाग ने गांव बीघड़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के 20 नवंबर को सैंपल लिए थे, यहां 11 वीं कक्षा के दो विद्यार्थी संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा रतिया के दो सरकारी स्कूलों के दो शिक्षक संक्रमित पाए गए हैं। गांव कुलां और चंदोकलां के दो विद्यार्थी संक्रमित मिले है। हालांकि 20 नवंबर के बाद शिक्षा विभाग ने स्कूल बंद कर दिए हैं। फतेहाबाद के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 150 विद्यार्थियों के कोरोना सैंपल लिए गए थे, सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके अलावा गांव काजलहेड़ी निवासी 44 वर्षीय महिला, फतेहाबाद के शिव चौक निवासी 10 वर्षीय बालक, गांव एमपी रोही निवासी 26 वर्षीय व्यक्ति, गांव बड़ोपल निवासी 36 वर्षीय युवती, गांव बड़ोपल निवासी 51 वर्षीय महिला, टोहाना के गीता कॉलोनी निवासी दो भाई, फतेहाबाद के हुडा सेक्टर तीन निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा सीएचसी भूना में 70 आरटीपीसीआर और 31 रेपिड एंटीजन टेस्ट किए गए, यहां पर छह संक्रमित मिले हैं।
कोट
कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है इसलिए मास्क लगाकर ही बाहर निकलें, बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर न निकलने दें। अगर कोई लक्षण दिखते हैं तो जांच जरूर करवाएं।
-डॉ. विष्णु मितल, जिला महामारी अधिकारी।