फतेहाबाद। मई 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव कार्यालय ने तैयारियां आरंभ कर दी हैं। इसके लिए अभी से ही मतदान केंद्रों व प्रशिक्षण स्थानों की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी, सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा टेंट आदि की व्यवस्था व चुनाव को लेकर स्टेशनरी आदि के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। यह टेंडर पंचायती राज विभाग की ओर से लगाए गए हैं और निविदाएं फतेहाबाद के चुनाव कार्यालय में 24 जनवरी को खोली जाएंगी।
फतेहाबाद में इस साल मई में लोकसभा और अक्तूबर माह में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इसको लेकर अब चुनाव कार्यालय ने अपनी तैयारियां पहले से आरंभ कर दी है। मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी, लाइव प्रसारण के लिए सीसीटीवी कैमरे , टेंट व स्टेशनरी को लेकर चुनाव कार्यालय की ओर से पंचायत विभाग ने चार टेंडर लगाए हैं। यह टेंडर 1 करोड़ 22 लाख रुपये के लगाए गए हैं।
इन कामों के लिए लगाए टेंडर
पंचायती राज विभाग ने चुनाव आयोग के आदेशों पर फतेहाबाद में चुनाव के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी व लाइव प्रसारण के लिए 50 लाख रुपये, मतदान केंद्रों व मतदान से पूर्व कर्मचारियों के प्रशिक्षण देने के लिए वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी के लिए 35 लाख, चुनावी सामग्री के लिए 10 लाख रुपये तथा टेंट आदि का प्रबंध करने के लिए 27 लाख रुपये के टेंडर लगाए हैं। संबंधित एजेंसी इसके लिए वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती है और 24 जनवरी को यह टेंडर खोले जाएंगे।
चुनाव को लेकर जिला के मतदान केंद्रों के लिए टेंडर लगा दिए गए हैं। चुनाव कार्यालय में 24 जनवरी को यह टेंडर खोले जाएंगे। संबंधित एजेंसी इसके लिए विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती है।
देवेंद्र सिंह, कार्यकारी अभियंता, पंचायती राज विभाग, फतेहाबाद।