फतेहाबाद। शिक्षा निदेशालय ने बिना सूचना के ही सोमवार को 10वीं और 12वीं कक्षा के दूसरे चरण की प्री बोर्ड परीक्षाओं की तिथि घोषित कर दी। यह परीक्षाएं मंगलवार से ही शुरू होकर एक फरवरी तक चलेंगी।
ऐसे में बिना प्रश्नपत्र के परीक्षा कराने की चुनौती है जबकि पहले जारी पत्र के मुताबिक डीईओ को 30 जनवरी से दूसरे चरण की प्री बोर्ड परीक्षाएं करवाने के निर्देश जारी किए गए थे और खुद के स्तर पर परीक्षा तिथि जारी करनी थी लेकिन एससीईआरटी ने सोमवार शाम प्रश्नपत्रों की प्रतिलिपि और परीक्षा तिथि जारी की है।
शिक्षा विभाग दिसंबर 23 में प्री बोर्ड परीक्षाएं करा उनका परिणाम भी जारी कर चुका है। इसमें कक्षा 10वीं के 16.23 फीसदी और 12वीं के 34.81 फीसदी विद्यार्थी फेल हुए थे। इसकी समीक्षा के लिए सभी प्रधानाचार्यों की समीक्षा बैठक होनी थी जो कि नहीं हो सकी है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि ये बैठक 29 जनवरी को बुलाई जा सकती है।
पेपर छपवाई के लिए जारी हुआ है पांच रुपये बजट
शिक्षा निदेशालय की ओर से 19 जनवरी को निर्देश जारी किए गए थे कि एससीईआरटी ने केंद्रीयकृत प्रश्नपत्र तैयार करवा लिए हैं जिनकी सीडी उपलब्ध करवाई जाएगी। प्रश्नपत्रों की छपवाई के लिए छात्र संख्या के अनुसार पांच रुपये प्रति प्रश्नपत्र प्रति विद्यार्थी की दर से जारी किया गया है।
ये जारी हुई हैं परीक्षा की तिथियां
दिन कक्षा 10वीं 12वीं
23 जनवरी गणित रसायन विज्ञान, समाजशास्त्र
24 जनवरी सामाजिक विज्ञान अंग्रेजी
25 जनवरी संस्कत, आईटी गणित, जीवविज्ञान, राजनीतिक विज्ञान
29 जनवरी अंग्रेजी इतिहास, भौतिक विज्ञान
30 जनवरी हिंदी अर्थशास्त्र
31 जनवरी विज्ञान हिंदी
1 फरवरी कम्प्यूटर साइंस, शारीरिक शिक्षा
शिक्षा निदेशालय की ओर से परीक्षा तिथि और प्रश्नपत्र की प्रतिलिपि जारी की गई है। इसके अनुपालन में सभी बीईओ को परीक्षाएं करवाने के निर्देश दे दिए गए हैं। - दयानंद सिहाग, डीईओ, फतेहाबाद।