राष्ट्रीय राजमार्ग 10 पर भूना मोड़ के नजदीक मंगलवार देर शाम 6 बजकर 30 मिनट पर सामान्य अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ से गाड़ी के आगे गाड़ी अड़ाकर मारपीट कर लूटपाट कर सोने की चेन व नगदी लूटने का मामला सामने आया है।
घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी गौरव शर्मा व पुलिस दल तथा एसएमओ डा.विनोद शर्मा सहित सामान्य अस्पताल के अन्य डाक्टर मौके पर पहुंच गए और लूटपाट का शिकार हुए डाक्टर को सामान्य अस्पताल में लेकर आए , जहां पर डाक्टर का उपचार किया गया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस डाक्टर को अपने साथ लेकर घटनास्थल पर छानबीन कर रही थी।
सामान्य अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. राजीव गर्ग अस्पताल में अपना काम निपटाने के बाद शाम 6 के लगभग अपनी कार में अस्पताल से हुडा सेक्टर में जाने के लिए रवाना हुए। जब डाक्टर राजीव लालबत्ती चौक पर पहुंचे तभी एक आल्टो कार में सवार दो युवकों ने डाक्टर की गाड़ी के पीछे गाड़ी लगा दी ।
भूना रोड पर पहुंचते ही डाक्टर के आगे गाड़ी अड़ा दी और डाक्टर को नीचे उतारकर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान लुटेरों ने डाक्टर की चेन व 70 हजार रुपये की नगदी लूट ली और डाक्टर को घायल कर फरार हो गए। घायल डाक्टर ने इसकी सूचना अपने सहयोगी डाक्टर को दी।
जिसके बाद डाक्टर व पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और डाक्टर को सामान्य अस्पताल में लेकर आई। जहां पर डाक्टर राजीव गर्ग को प्राथमिक उपचार दिया गया। सूचना पर पहुंचे शहर थाना प्रभारी गौरव शर्मा ने डाक्टर घटना के बाबत जानकारी ली। सामाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी।
नहीं है सुरक्षित राष्टीय राजमार्ग 5 दिन पहले हुई थी व्यापारी से लूटपाट
राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वालों के लिए यह मार्ग सुरक्षित नहीं है। मात्र 5 दिन पहले रोहतक से माल लेकर आ रहे धर्मशाला रोड के कपड़ा व्यापारी से लुटेरे माल से भरी 12 लाख रुपये की गाड़ी लूट कर ले गए थे, जिसको लेकर शहर वासियों में पहले से रोष था। अब डाक्टर के साथ लूटपाट होने के बाद शहरवासियों में और भय फैल गया है।