कार्यक्रम में उपस्थित संगत में प्रस्तति देती हुई गायिका।
रतिया। टोहाना रोड पर बाइपास के निकट स्थित डेरा बाबा बुल्लेशाह की दरगाह पर वार्षिक मेले का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। मेले में रतिया के अलावा चिम्मो, नथवान, कलंदरगढ़, रायपुर ढाणी, हासंगा, रायपुर, गुरुसर, तेलीवाड़ा, लांबा सहित अनेक गांवों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा बुल्लेशाह की दरगाह पर माथा टेका तथा अपनी मन्नतें मांगीं। श्रद्धालुओं ने दरगाह पर चादरें भी चढ़ाईं।
मेले के दौरान प्रबंधक कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं के लिए अटूट लंगर भी चलाया गया। मुख्य सेवादार बाबा सतनाम सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं के सहयोग से पिछले कई वर्षों से लगातार मेला लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान जो भी श्रद्धालु बाबा बुल्लेशाह की दरगाह पर सच्चे मन से मन्नत मांगकर जाता है, बाबा उसकी मनोकामना अवश्य पूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान प्रत्येक वर्ष कलाकारों द्वारा पीर बाबा की महिमा में भजन भी पेश किए जाते हैं।
इस वर्ष मेले के दौरान सुखरीत कौर बठिंडा सहित अनेक गायक कलाकारों ने बाबा की महिमा का गुणगान किया। मेले के दौरान अनेक लोगों द्वारा मेला स्थल के आसपास विभिन्न स्टालें सजा रखी थी जहां से लोगों को भारी संख्या में खरीदारी करते देखा गया। मेले के दौरान पीर बाबा कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था भी की गई थी। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा थी।