गांव भिरडाना में बाबा ब्रहमचारी महाराज के समाधि स्थल पर आयोजित वार्षिकोत्सव में भाग लेते हुए श्
फतेहाबाद। गांव भिरडाना में ब्रह्मचारी महाराज के समाधि स्थल पर वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाधिस्थल से जुड़े फतेहाबाद के अलावा दिल्ली, लखनऊ, गुजरात, पंजाब सहित दूर-दूर से लोगों ने आकर समाधिस्थल पर माथा टेककर मन्नत मांगीं। सुबह हवन-यज्ञ कर क्षेत्र के लोगों के लिए सुख समृद्धि की कामना की गई।
इसके बाद फूलों की होली खेलते हुए आए हुए श्रद्धालुओं ने आनंद लिया। बाबा ब्रह्मचारी को भोग लगाने के बाद हजारों लोगों ने भंडारे में भोजन प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में युवाओं ने जोश से श्रमदान किया। जानकारी देते हुए समाधि स्थल से सेवादार विनोद गर्ग ने बताया कि लगभग 80 वर्ष पहले इस जगह पर घना जंगल होता था। उस दौरान संत शिवकरण और संत गिरधारी लाल ने तपस्या करते हुए होली से चार दिन पहले अपनी स्वेच्छा से प्राणों का त्याग करते हुए जीवित समाधि ली थी।
इसके बाद से भिरडाना और आसपास के क्षेत्र के लोगों की आस्था यहां जुड़ गई। पिछले 10 सालों में लोगों के सहयोग से कमेटी ने इस जगह का कायाकल्प करते हुए लगभग एक करोड़ रुपये खर्च कर दिए। पिछले साल समाधि का जीर्णोद्धार और लोगों के ठहरने की व्यवस्था के लिए कमरे भी बनाए गए हैं। इसके अलावा शिव परिवार की मूर्ति स्थापना की गई थी। सेवादार विनोद गर्ग ने बताया की अगले साल वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में जरूरतमंद परिवार की 21 कन्याओं की शादी भी की जाएगी