भूना। शराब ठेकेदार पंकज खुराना हत्याकांड में इनामी बदमाश एवं हत्यारोपी अमन मलिक ने अकेले दस राउंड गोलियां ठेकेदार पर दागी थी। जबकि मौके पर 9 लोगों ने 6 पिस्टलों से 25 से ज्यादा राउंड गोलियां ठेकेदार पर चलाई। हत्यारोपी तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर ठेकेदार की क्रेटा कार के पीछे आए थे। हत्यारोपियों ने ठेकेदार को मारने के बाद मौके पर जश्न भी मनाया और हवा में पिस्टल रहते हुए डूल्ट की तरफ फरार हो गए थे।
यह खुलासा सीआईए टोहाना पुलिस द्वारा तीन दिन के रिमांड पर लिए हत्यारोपी अमन मलिक ने किया है। आरोपी ने बताया कि ठेकेदार को मारने के लिए सुखा बुवान ने बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल मुहैया करवाई थी। सीआईए टोहाना के इंचार्ज साधुराम ने बताया कि विक्रम भांभू द्वारा धमकी देने के बावजूद ठेकेदार राजेश उर्फ राजा ने गांव नाढोड़ी व बैजलपुर में शराब ठेका लेने के लिए फार्म भर दिया था। इसलिए ठेकेदार को सबक सिखाने के लिए उसके छोटे भाई पंकज खुराना को मार दिया। इसमें भूना के जगजीत उर्फ जज ने अपने खेत में विक्रम भांभू गैंग के साथ जुड़े हुए दस लोगों को शामिल किया था। ठेकेदार को मारने के लिए अमन मलिक को जिम्मेदारी दी गई थी। सुखा बुवान, प्रवीण उर्फ पिन्नी और बिल्ला उर्फ दीपक ने ठेकेदार की दो दिनों तक लगातार रेकी की थी। ठेकेदार के ऑफिस से चलने से पहले कार के दो टायरों की हवा भी निकाली गई थी। ठेकेदार पंकज खुराना की छह अक्तूबर की रात्रि को अंधाधुंध गोलियों मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद सभी आरोपी तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो गए थे।
गांव शामलो कलां से एक पिस्टल एवं हत्या में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद
सीआईए इंचार्ज साधुराम व जांच अधिकारी ओमप्रकाश जांगड़ा ने बताया कि हत्यारोपी से पुलिस रिमांड के दौरान प्वाइंट 30 बोर पिस्टल व एक कारतूस तथा हत्या में उपयोग किया गया पल्सर मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। उपरोक्त चीज हत्यारोपी एवं इनामी बदमाश अमन मलिक के खेत में ट्यूबवेल के कमरे में छुपाई हुए मिली है। सीआईए द्वारा पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि बैजलपुर शराब ठेके पर कई महीनों पहले झगड़ा हुआ था। झगड़े में ठेकेदार राजेश उर्फ राजा का पक्ष लेने में मुंडी गैंग के लोग शामिल थे। उसी के चलते विक्रम भांभू ने ठेकेदार को नाढोड़ी व बैजलपुर में शराब के ठेके आगामी वर्ष के लिए नहीं लेनी की धमकी दी थी। इसके बावजूद ठेकेदार राजेश उर्फ राजा ने उपरोक्त ठेके अपने नाम फार्म भरकर ऊंचे दाम देकर ले लिए थे। विक्रम भांभू तभी से ही ठेकेदार से खार खा रहा था। ठेकेदारों पर दहशत बनाने के उद्देश्य से जगजीत उर्फ जज ने ठेकेदार पंकज खुराना की हत्या की पूरी प्लानिंग तैयार की थी।
इनसे हुए पिस्टल बरामद
सीआईए टोहाना एवं सीआईए फतेहाबाद पुलिस ने ठेकेदारों पर हमले से संबंधित भांभू गैंग के 9 गुर्गे गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें सीआईए फतेहाबाद ने दो व सीआईए टोहाना ने अमन मलिक से कुल तीन पिस्टल बरामद किए। संजय उर्फ संजू से एक, हनुमान उर्फ डॉक्टर से एक, कर्मजीत उर्फ गोलू से एक हत्या में उपयोग हुए पिस्टल व कुछ कारतूस बरामद किए जा चुके हैं। मगर हत्या में शामिल हरकरण उर्फ कर्ण जाब्ताखेड़ा पुलिस की पकड़ से बाहर है और उससे पिस्टल भी बरामद किया जाना है। पुलिस अब तक दो मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले चुकी है।
कोट
हत्यारोपी इनामी बदमाश अमन मलिक से प्वाइंट 30 बोर का पिस्टल व एक कार जिंदा कारतूस और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर लिया है। हत्या में एकमात्र फरार हत्यारोपी हरकरण उर्फ कर्ण जाब्ताखेड़ा को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। अमन मलिक के खेत में ट्यूबवेल के कमरे से बरामद हुआ मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट के पाया गया है। यह मोटरसाइकिल सुखा बुवान ने आरोपी को लाकर दिया था, जिसकी तसदीक करके बाइक मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-साधुराम, इंचार्ज, सीआईए टोहाना