फतेहाबाद। नहरों में लगातार दो सप्ताह पानी चलाने और ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का मुआवजा जारी करने की मांग पर मंगलवार को पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति ने लघु सचिवालय के मुख्य गेट पर ताला लगाकर धरना शुरू कर दिया। जिले के 60 गांवों से करीब 1500 किसान 200 से अधिक वाहनों में सवार होकर पहुंचे।
किसानों ने मांगें पूरी होने तक धरना जारी रखने का एलान किया। इसके साथ ही उन्होंने किसी भी राजनीतिक दल के नेता या कार्यकर्ता को धरने में शामिल नहीं होने देने की बात भी कही। धरने की अध्यक्षता सतीश बैनीवाल ने की।
उन्होंने कहा कि जिले के कई गांवों में जमीन का पानी खारा होने के कारण खेती पूरी तरह नहरी सिंचाई पर निर्भर है। नहरों में पर्याप्त समय तक पानी नहीं चलने से किसानों को परेशानी हो रही है। चौपटा क्षेत्र के जोगीवाला, चाहवाला, माखोसरानी, शाहपुरिया, खेड़ी, दैयड़, रामसरा, चूली बागड़ियां और चूली खुर्द के साथ हिसार जिले के आदमपुर व जाखोद खेड़ा तथा भट्टू क्षेत्र के किसानों के लिए नहरी पानी बेहद जरूरी है।
पंजाब पहुंचकर मुख्यमंत्री मान से करेंगे सवाल
समिति के प्रदेशाध्यक्ष मंदीप नथवान ने कहा कि किसानों की मांग है कि नहरों में लगातार दो सप्ताह पानी चलाया जाए ताकि फसलों की सिंचाई हो सके। ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा भी दिया जाए। किसानों की मांगों का अब तक समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि हरियाणा के मुख्यमंत्री पंजाब में चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे तो जिले के किसान वहां पहुंचकर उनसे अपनी मांगों पर सवाल-जवाब करेंगे।
-
पैदल कूच कर किसानों ने लगाया पक्का मोर्चा
धरने के दौरान गांव दैयड़ और सिरसा जिले के गांव जोगीवाला के किसानों ने पैदल लघु सचिवालय पहुंचकर पक्का मोर्चा लगाया। किसानों ने कहा कि नहरी पानी की कमी और ओलावृष्टि के मुआवजे में देरी से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है। जब तक नहरों में दो सप्ताह पानी नहीं छोड़ा जाता और मुआवजा नहीं मिलता तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
-
रात को भी जारी रहेगा धरना, 200 पुलिसकर्मी तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए लघु सचिवालय के बाहर सुरक्षा के लिए करीब 200 पुलिसकर्मी तैनात रहे। किसानों ने स्पष्ट किया कि धरना रात को भी जारी रहेगा। इस दौरान समिति के जिला प्रधान ओमप्रकाश हसंगा, सचिव सतीश, भूपेंद्र रंधावा, चांदीराम और रणबीर सिंह मौजूद रहे।