फतेहाबाद। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विवेक भारती ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्यक्रम में संशोधन करते हुए इसकी समय सीमा बढ़ा दी है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी पत्र के अनुसार अब अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 दिसंबर को किया जाएगा। ऐसे मतदाता, जिन्हें अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट यानी एएसडीडी श्रेणी में चिह्नित किया गया था, अब निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना एन्यूमरेशन फॉर्म 30 नवंबर तक अपने संबंधित बीएलओ को जमा करा सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विवेक भारती ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एसआईआर के संशोधित कार्यक्रम के तहत दावे एवं आपत्तियों से संबंधित नोटिस चरण तथा उनके निस्तारण की अवधि बढ़ाकर 15 दिसंबर तक निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची अब 22 दिसंबर को प्रकाशित होगी। इस संशोधन के बाद जिला में एसआईआर की प्रक्रिया के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित नई समय-सारणी के अनुसार कार्य करना होगा।