फतेहाबाद में फंदे से लटके मिले युवक-युवती के शव।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
हरियाणा के फतेहाबाद में गांव एमपी रोही में शनिवार सुबह प्लॉट में बने तूड़ी के कमरे में युवक-युवती के शव फंदे पर लटके हुए मिले। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाए। पुलिस ने इस मामले में दोनों के परिजनों के बयानों पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, गांव एमपी रोही निवासी 25 वर्षीय शंटी व 24 वर्षीय युवती के शव शनिवार सुबह गांव के एक व्यक्ति के तूड़ी के कमरे में गार्डर पर एक साथ फंदे पर लटके हुए थे। दोनों ने गार्डर से एक ही चुन्नी के साथ फंदा लगाया हुआ था।
तूड़ी के कमरे का मालिक शनिवार सुबह जब कमरे में आया तो दोनों को फंदे पर लटका देखकर शोर मचा दिया। अन्य ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। इसके बाद डायल 112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शवों को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाए।
शादीशुदा था युवक, पत्नी से हो चुका तलाक
ग्रामीणों के अनुसार युवक शंटी शादीशुदा था। मगर उसका तलाक हो चुका था। वहीं, युवती के लिए परिजन रिश्ता ढूंढ रहे थे। मगर शुक्रवार रात को ही दोनों ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों ही अलग-अलग जाति से संबंध रखते थे।
गांव एमपी रोही में युवक व युवती के फंदे पर लटकने की सूचना मिली थी। दोनों के शव नागरिक अस्पताल लाकर पोस्टमार्टम करवाया गया। दोनों के परिजनों के बयान लिए हैं। दोनों पक्षों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।
- रूपेश चौधरी, प्रभारी, सदर थाना फतेहाबाद