रतिया में एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवक और उसके साथी के खिलाफ पोस्को एक्ट और अन्य विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा और उसके परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि 14 फरवरी को नाबालिग छात्रा घर में अकेली थी तो हिमांशु और हर्ष नामक दो युवक जबरन उसके घर में घुस आए। इस दौरान उनमें से एक युवक ने उसका मुंह दबा लिया और दूसरे युवक ने उससे दुष्कर्म किया। जाते हुए दोनों युवकों ने किसी को बताने पर छात्रा को जान से मारने की धमकी दी। मां के घर आने पर उसने सारी घटना उन्हें बताई। इसके पश्चात छात्रा को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लाया गया जहां मेडिकल में बलात्कार की पुष्टि हुई। पुलिस ने छात्रा के बयान दर्ज कर आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष पुष्पा सिहाग ने बताया कि आरोपी दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।