पुलिस का ये कैसा नाइट डोमिनेशन है? 41 जगहों पर नाकाबंदी करके रातभर जिले की किलेबंदी करके पुलिस तैनात खड़ी रही और एक चोर पुलिस चौकी के सामने कुछ दूरी पर एक या दो नहीं बल्कि छह दुकानों के ताले तोड़ने की वारदात कर गया। हालांकि पुलिस नाइट डोमिनेशन के दौरान 1752 वाहन चेक करने और 103 जगहों पर चेकिंग करने का अभियान चलाने का दावा करते हुए नशा, शराब तस्करी जैसे दूसरे अलग-अलग मामलों में 14 लोगों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। वहीं पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से आरोपी की पहचान कर ली है। आरोपी हाल ही में 31 दिसंबर को नशा मुक्ति केंद्र से बाहर आया था।
चोरी की घटनाओं को लेकर बस स्टैंड चौकी के सामने शिवालय मार्केट हमेशा से संवेदनशील रहा है। सर्दी के मौसम में यहां चोरी की घटना की गुंजाइश काफी अधिक बनी रहती है और इसका उदाहरण शनिवार की रात को सामने भी आया। चौकी के सामने पुलिस नाकाबंदी करके अलर्ट रही लेकिन सामने ही कुछ दूरी पर चोरों ने दुकानों के ताले तोड़कर पुलिस की सारी चौकसी पर सवाल खड़े कर दिए।
जिलेभर में कुल 400 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी नाइट डोमिनेशन के तहत गश्त पर रहे और अपराधियों की धरपकड़ की गई। अभियान के दौरान फतेहाबाद पुलिस ने जिलेभर में 41 नाके लगाकर जहां 1752 आने-जाने वाले वाहनों को चैक किया। 103 सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने अलग-अलग जगहों से नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए 96 ग्राम हेरोइन, 92 बोतल देसी शराब व 33 बोतल नाजायज शराब बरामद कर 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा 2 पीओ व 1 बेलजंपर को भी गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्यवाही की गई। व्हीकल चेकिंग के 4 वाहनों के चालान व 2 वाहनों को जब्त भी किया गया। पुलिस ने बिना वजह घर से बाहर घूमने वाले 75 लोगों के अजनबी पर्चे भी काटे। हर थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन व बस अड्डों, होटल, ढाबे व धर्मशाला आदि को भी चेक किया गया।
पुलिस का हर जगह उपलब्ध होना मुश्किल होता है। मेरी जिलावासियों से अपील है कि यदि लोग अपने घरों, दुकानों और संस्थानों आदि जगहों पर सीसीटीवी जरूर लगवाएं। आजकल कई अलार्मिंग इक्यूपमेंट भी मार्केट में उपलब्ध हैं जो चोरी की घटना होने पर अलर्ट करते हैं। इसलिए लोग सीसीटीवी और अलार्मिंग सेंसर इक्यूपमेंट का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करें जिससे कि चोरी की घटनाओं से बचा जा सके।
पुलिस क नाइट डोमिनेशन काफी सफल रहा लेकिन फतेहाबाद की बस स्टैंड चौकी के सामने कई दुकानों में चोरी होना मेरे संज्ञान में आया है। चौकी के सामने दुकानों में चोरी हो जाना पुलिस के लिए बेहद गंभीर विषय है। हालांकि पुलिस ने चोरी की घटना संज्ञान में आने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी की मदद से आरोपी की पहचान कर ली है। आरोपी हाल ही में 31 दिसंबर को नशा मुक्ति केंद्र से बाहर आया था। फिलहाल घटना और कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट एसएचओ से मांगी गई है। मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। -सुरिंद्र भोरिया, एसपी, फतेहाबाद।