पुलिस की वर्दी में सात लाख रुपये लूट के मामले में सीआईए फतेहाबाद पुलिस ने पकडे़ गए दो आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड के बाद न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत मे हिसार जेल भेज दिया गया। रिमांड में दोनों आरोपियों से एक-एक लाख रुपये बरामद किए हैं, वहीं पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें छापामारी कर रही हैं।
जांच अधिकारी एसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों से मौके पर ही वारदात में प्रयोग की गई कार बरामद कर ली गई थी तथा एक दिन के रिमांड के दौरान लूटी गई सात लाख की राशि में से दोनों से एक-एक लाख रुपये बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि बरामद की गई राशि नई करेंसी में है। रिमांड के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि चार लोगों ने मिलकर लूट की साजिश रची थी। इनमें ढाबी टेक सिंह निवासी कृष्ण, बाडो बहवलपुर निवासी फौजी, बवानीखेड़ा निवासी सुरेश, राजौंद निवासी अनिल शामिल हैं। साजिश के तहत, सोमा व अनिल एक बाइक पर हिसार रोड स्थित टाउन पार्क के पास खड़े हो गए।
जब उन्होंने पीड़ित गौरव की कार को आते देखा तो उन्होंने अपने बाइक से कार का पीछा करते हुए ओवरटेक कर आगे निकल गए। एक फैक्टरी के पास खड़े अन्य साथियों को इशारा किया कि कार आ रही है, तो नकली पुलिस की वर्दी में पहले से खडे़ आरोपियों ने कार को गौरव की गाड़ी के आगे लगाकर उसे रोका तथा पूछताछ के नाम पर कार की तलाशी लेनी शुरू कर दी। इसके बाद गाड़ी में रखे रुपये से भरे बैग को उठाकर फरार गए थे।